
इंदौर। भागीरथपुरा हादसे को लेकर कांग्रेस द्वारा 11 जनवरी को निकाली जाने वाली न्याय यात्रा की कमान महिलाओं को सौंपी गई है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा सभी विधायकों को फोन लगाकर यह सूचना दी जा रही है कि 11 जनवरी को इंदौर में राहुल गांधी के नेतृत्व में न्याय यात्रा निकलेगी, जिसमें आपको पहुंचना है। बड़ा गणपति चौराहा से शुरू होकर यह न्याय यात्रा राजबाड़ा पर पहुंचेगी, जहां पर गाड़ी पर लगे माइक से नेताओं द्वारा संबोधित किया जाएगा।
कांग्रेस की पूरी ताकत अब न्याय यात्रा के आयोजन में लग गई है। इस यात्रा में पहले से ही राहुल गांधी के आगमन की संभावना व्यक्त की जा रही थी। आज दोपहर में कांग्रेस के अखिल भारतीय महासचिव तथा मध्य प्रदेश के प्रभारी हरीश चौधरी इंदौर पहुंच रहे हैं। वे दिल्ली से राहुल गांधी के दौरे का कार्यक्रम लेकर आ रहे हैं।
आज शाम को चौधरी के द्वारा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के साथ मिलकर पत्रकारवार्ता ली जाएगी। इसमें इस कार्यक्रम को आधिकारिक तौर पर घोषित किया जाएगा। कांग्रेस द्वारा न्याय यात्रा के लिए हर स्तर पर जोरदार तैयारी की जा रही है। कल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी द्वारा जिला कांग्रेस अध्यक्ष विपिन वानखेड़े के साथ जाकर सांवेर और देपालपुर में इस यात्रा की तैयारी की बैठक ली गई है। इस बैठक में इन दोनों ग्रामीण क्षेत्र के सभी बड़े और प्रमुख नेता मौजूद थे। इसके साथ ही इंदौर शहर में हर विधानसभा क्षेत्र के प्रभारी द्वारा वार्ड स्तर तक जाकर कार्यकर्ताओं की बैठक लेने का कार्य किया जा रहा है। कांग्रेस द्वारा यह कोशिश की जा रही है कि शहर के सभी 85 वार्ड से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता इस रैली में भाग लेने के लिए जाएं।
इस रैली को लेकर जो प्राथमिक रूप से तैयारी की गई है, उसके अनुसार प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष रीना बौरासी सेतिया से कहा गया है कि इस यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं की उपस्थिति को सुनिश्चित करें। यात्रा में सबसे आगे महिलाओं का समूह चलेगा। उसके पीछे पुरुषों का समूह चलेगा। इस यात्रा में भाग लेने के लिए लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के आगमन की स्थिति स्पष्ट हो गई है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा प्रदेश के सभी विधायकों को फोन लगाकर यह सूचना दे दी गई है कि 11 जनवरी की इंदौर की न्याय यात्रा में राहुल गांधी आ रहे हैं।
ऐसे में अपनी उपस्थिति को भी सुनिश्चित करें। कांग्रेस द्वारा यह निश्चित किया गया है कि इस न्याय यात्रा में शामिल कार्यकर्ता नारे लगाते हुए चलेंगे। इन कार्यकर्ताओं द्वारा हाथों में नारे लिखी हुई तख्तियां भी रखी जाएंगी। यह यात्रा बड़ा गणपति चौराहा से शुरू होकर सीधे राजबाड़ा तक आएगी। इस यात्रा में कांग्रेस के सभी प्रमुख नेता एक साथ एक गाड़ी में सवार रहेंगे। यात्रा में शामिल होने के लिए प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के आगमन की सूचना मिल गई है। शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने बताया कि राजबाड़ा पर पहुंचने के बाद यात्रा में शामिल सभी बड़े नेताओं द्वारा लोकमाता देवी अहिल्याबाई की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया जाएगा। इसके बाद में गाड़ी पर लगे माइक से वहां मौजूद कार्यकर्ताओं को संबोधित किया जाएगा। यात्रा के साथ कांग्रेस द्वारा नागरिकों को जीवन जीने का अधिकार देने के लिए पूरे प्रदेश में अभियान शुरू किया जाएगा।
भागीरथपुरा भी जाएंगे राहुल
कांग्रेस के नेताओं द्वारा यह कोशिश की जा रही है कि न्याय यात्रा के पश्चात राहुल गांधी को लेकर भागीरथपुरा में जाया जाए। वहां पर जाकर राहुल गांधी द्वारा उन परिवार के लोगों से उनके घर जाकर मुलाकात की जाए, जिनके घर पर इस घटना के कारण मौत हुई है। ऐसे शोकाकुल परिवार में जाकर राहुल गांधी द्वारा शोक व्यक्त किया जाएगा। इस तैयारी में अभी सबसे बड़ी समस्या सुरक्षा का क्लीयरेंस मिलने की आ रही है। इस बारे में एसपीजी की टीम के साथ कांग्रेस के नेताओं द्वारा संवाद किया जा रहा है।
हर विधानसभा से कार्यकर्ताओं को लाने के लिए कांग्रेस वाहन उपलब्ध कराएगी
शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिन्टू चौकसे और महासचिव संजय बाकलीवाल की उपस्थिति में कांग्रेस कार्यालय में हुई बैठक में निर्णय लिया गया कि विधानसभा-वार कार्यकर्ताओं को लाने-ले जाने के लिए पार्टी की ओर से वाहन उपलब्ध कराए जाएंगे। वर्तमान में गोधाखेड़ी क्षेत्र से कांग्रेस कार्यकर्ताओं को लाने के लिए दो बसें दिनेश कुशवाह द्वारा तथा एक बस रमेश घाटे द्वारा कार्यालय में लिखवाई गई है। ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले कांग्रेस कार्यकर्ताओं के वाहनों की पार्किंग व्यवस्था भी तय की गई। इसके तहत देपालपुर से आने वाले वाहनों की पार्किंग वीआईपी रोड स्थित दलाल बाग में, राऊ विधानसभा से आने वाले वाहनों की पार्किंग खालसा स्कूल ग्राउंड में और सांवेर की ओर से आने वाले कांग्रेसियों के वाहनों की पार्किंग जिन्सी हाट मैदान के पास करवाई जाएगी। न्याय यात्रा में देपालपुर विधानसभा से राधेश्याम पटेल कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ इंदौर पहुंचेंगे, वहीं राऊ विधानसभा से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के समर्थक भी बड़ी संख्या में शामिल होंगे।
10 से ज्यादा समितियां बनाईं
कांग्रेस ने न्याय यात्रा की व्यवस्थाओं के लिए 10 से अधिक समितियों का भी गठन किया है। ये समितियां यात्रा में शामिल लोगों के लिए पेयजल, भोजन, पार्किंग, बैनर-तख्तियों की व्यवस्था तथा मंच वाली गाड़ी के संचालन सहित सभी व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभालेंगी।
प्रत्येक वार्ड से 1 हजार लोगों को लाने का लक्ष्य दिया
दो दिन बाद बड़े गणपति से राजबाड़ा तक निकाली जा रही न्याय यात्रा के लिए गांधी भवन में हुई बैठक में प्रत्येक वार्ड के बनाए गए 85 प्रभारियों को अपने-अपने वार्ड से 1 हजार लोगों को यात्रा में लाने का लक्ष्य दिया है।
वर्षों बाद वार्डों में होने लगी कांग्रेस की बैठकें
चुनावों में लगातार मिल रही हार के बाद कांग्रेस की वार्ड स्तर की बैठकें लगभग बंद सी हो गई थीं, मगर मौजूदा हालात में एक बार फिर से कांग्रेसी एकजुट नजर आ रहे हैं और गांधी भवन में पहले ब्लॉक अध्यक्षों की बैठकें हुइंर्, फिर विधानसभाओं की अलग-अलग बैठकें हुईं। इसके बाद मोर्चा संगठनों की बैठकें हुईं और अब वर्षों बाद कांग्रेस की वार्ड स्तर पर बैठकें चल रही हैं। कल विधानसभा 1 में दीपू यादव और विधानसभा 5 में अमन बजाज के नेतृत्व में अलग-अलग वार्डों में बैठकें हुईं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved