
तिलक नगर, खड़ा गणपति से योजना 155 की सडक़ों के साथ मल्टीलेवल पार्किंग स्थल का भी निगमायुक्त ने किया दौरा, बाधक पेड़ों को हटाने और शिफ्टिंग के भी दिए निर्देश
इंदौर। पिछले दिनों प्रशासन ने निरंजनपुर (Niranjanpur) , देवास नाका में एमपीआरडीसी (MPRDC) द्वारा बनवाए जा रहे फ्लायओवर (flyovers) की सर्विस रोड में बाधक अवैध निर्माणों को जमींदोज करवा दिया था। इसके बाद अब सर्विस रोड (service roads) का मौके पर निर्माण शुरू हो गया है। अभी हालांकि दिनभर यातायात दोनों फ्लायओवरों के निर्माण के चलते देवास नाका से सत्यसांई चौराहा तक जाम भी रहता है। दूसरी तरफ निगमायुक्त क्षितिज सिंघल रोजाना मास्टर प्लान की निर्माणाधीन सडक़ों का निरीक्षण भी कर रहे हैं। बिजलपुर की निर्माणाधीन रोड के काम की गति धीमी रहने के चलते ठेकेदार फर्म पर रोजाना जुर्माना ठोंकने और ठेका रद्द करने के निर्देश भी अधीनस्थ अधिकारियों को दिए।
निगम द्वारा मास्टर प्लान की 23 सडक़ों का निर्माण कराया जा रहा है। इनमें से आधा दर्जन से अधिक सडक़ों की तोड़ाफोड़ी के साथ निर्माण की प्रक्रिया शुरू की गई है। दूसरी तरफ एबी रोड पर सत्यसांई चौराहा और निरंजनपुर देवास नाका पर फ्लायओवरों का निर्माण एमपीआरडीसी द्वारा कराया जा रहा है। हालांकि इसके सहित चारों फ्लायओवरों के निर्माण की गति अत्यधिक धीमी है, जिसके चलते कलेक्टर शिवम वर्मा ने भी दौरा किया था। निरंजनपुर में बाधक निर्माणों को हटाकर सर्विस रोड के निर्माण का काम भी अब शुरू हो गया है। दूसरी तरफ आयुक्त ने तिलक नगर, खड़ा गणपति से योजना 155 और तेजपुर गड़बड़ी से ट्रेजर टाउन तक बिजलपुर में मास्टर प्लान की बन रही सडक़ों के साथ-साथ मल्टीलेवल पार्किंग स्थल का भी अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त अभय राजनगांवकर, कार्यपालन यंत्री पीएस कुशवाह, सहायक यंत्री नरेश जायसवाल, उपयंत्री पराग अग्रवाल एवं निगम के अन्य अधिकारी, संबंधित कंसल्टेंट एवं कार्यकर्ता एजेंसी के प्रतिनिधि उपस्थित थे। आयुक्त सिंघल ने नगर निगम द्वारा ग्रेटर कैलाश रोड पर निर्माणाधीन मल्टीलेवल पार्किंग स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान शेष रहे कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। विदित हो कि उक्त निर्माणाधीन पार्किंग में 150 कार और लगभग 150 से अधिक दोपहिया वाहनों की पार्किंग की हो सकेगी। आयुक्त सिंघल द्वारा बिजलपुर में निर्माणाधीन सडक़ का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कार्य की गति सतोषजनक नहीं मिलने पर निर्माण एजेंसी पर कार्य की अत्यंत धीमी गति के लिए गहरी नाराजगी व्यक्त की गई एवं संबंधित एजेंसी के. एन. नारंग को प्रतिदिन पेनल्टी लगाने एवं टर्मिनेशन नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। आयुक्त श्री सिंघल द्वारा निरीक्षण के दौरान तिलक नगर की सडक़ की निर्माण एजेंसी इंजीनियरिंग इनोवेशन एंड कंपनी को कार्य की धीमी गति के लिए नाराजगी व्यक्त की गई एवं संबंधित एजेंसी को कार्य की गति बढ़ाने और 1 माह में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त खड़ा गणपति से स्कीम 155 टिगरिया बादशाह तक निरीक्षण के दौरान सडक़ की बाधाओं को दूर करने के निर्देश दिए द्य 15वीं बटालियन के पास जो जमीन सडक़ निर्माण के लिए अवश्यक है उस संबंध दिशा निर्देश दिए तथा सडक़ निर्माण में बाधक वृक्षों के लिए नियमानुसार कार्यवाही करते हुए ट्रांसप्लांट अथवा हटाने एवं फेंसिंग का कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved