
सुधार के बाद पौने 4 घंटे देरी से इंदौर पहुंचा विमान, इंदौर से जयपुर जाने वाली फ्लाइट भी हुई 4 घंटे लेट
इन्दौर। जयपुर (Jaipur) से इंदौर (Indore) आ रहे हैं विमान (flight) के साथ कल शाम एक बड़ा हादसा टल गया। जयपुर से इंदौर के लिए उड़ान भरने के बाद इंडिगो एयरलाइंस (IndiGo Airlines) के विमान में अचानक तकनीकी खराबी आ गई। इसके चलते विमान को वापस जयपुर ले जाया गया और यहां उसकी इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। विमान के सुरक्षित उतरने के बाद चालक दल और यात्रियों ने रात की सांस ली। सुधार के बाद यह विमान करीब पौने 4 घंटे देरी से इंदौर पहुंचा।
विमानतल से मिली जानकारी के मुताबिक इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट 6ई-7744 शाम 6.10 बजे जयपुर से रवाना होकर 7.35 बजे इंदौर पहुंचती है। यहां से यह विमान 7.55 बजे दोबारा जयपुर के लिए रवाना होता है और 9.15 बजे जयपुर पहुंचता है। कल शाम भी विमान ने तय समय पर जयपुर से उड़ान भरी। अधिकारियों ने बताया कि उड़ान भरने के कुछ देर बाद ही पायलट को विमान में तकनीकी खराबी के संकेत मिले। इस पर पायलट ने तुरंत जयपुर एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क करते हुए विमान को वापस लाने की अनुमति मांगी। अनुमति मिलने पर विमान को तुरंत दोबारा जयपुर ले जाया गया, जहां शाम 6.35 बजे विमान की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। इस दौरान जयपुर एयरपोर्ट पर फायर एंबुलेंस और रेस्क्यू टीम में तैनात कर दी गई थी। लेकिन पायलट ने सूझबूझ से विमान की सुरक्षित लैंड करवाया।
जयपुर से आने और जाने वाले यात्री परेशान
जयपुर पहुंचने के बाद विमान का सुधार शुरू किया गया। इसमें साढ़े तीन घंटे से ज्यादा का समय लगा। इसके बाद यह विमान यात्रियों को लेकर तय समय से करीब पौने 4 घंटे देरी से रात 11.20 बजे इंदौर पहुंचा। इस बीच इंदौर से जयपुर जाने वाली फ्लाइट के यात्री शाम से ही इस फ्लाइट का इंतजार कर रहे थे। करीब 4 घंटे देरी से यात्री रात 11.45 बजे जयपुर के लिए रवाना। हुए इस दौरान इंदौर आने और जाने वाले यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved