
इंदौर। बीते दिनों घाटाबिल्लौद (Ghatabillaud) के रहने वाले समीर पटेल (Sameer Patel) की हत्या कर दी गई थी। हत्या उसके दोस्त (Friend) रमजान और उसी के गांव में रहने वाले रमजान पटेल ने की थी। रमजान को पुलिस ने गिरफ्तार (Arrested) कर लिया। उसने कबूल किया है कि ऑनलाइन गेम (Online Game) के चक्कर में उसने समीर को मारा था।
बेटमा टीआई मीना करणावत ने बताया कि समीर का शव गुड्डू हिंदुस्तानी के खेत के पास मिला था। पास में खून से सना पत्थर पड़ा था, जिससे लग रहा था कि समीर की हत्या की गई। पुलिस ने मामले में समीर के रिश्तेदारों सहित उसके परिचितों और दोस्तों से पूछताछ की। इस पर पता चला कि घटना वाले दिन वह रमजान के साथ जाते हुए दिखा। इसके बाद पुलिस ने रमजान को हिरासत में लिया और सख्ती से पूछताछ की तो वह टूट गया। उसने स्वीकार किया कि वह और समीर अपने मोबाइल से ऑनलाइन गेम खेलते थे। वह समीर से करीब 6 लाख रुपए जीत गया था। जब समीर से जीते हुए पैसे मांगे तो वह देने में आनाकानी करने लगा, जिसके बाद चंबल नदी के पास एक खेत में दोनों के बीच विवाद हुआ तो आवेश में आकर रमजान ने समीर पर पत्थर से हमला कर दिया और मौके से भाग गया। वह गांव में ऐसे घूम और रह रहा था जैसे अन्य लोग रहते थे, लेकिन पुलिस की सख्ती के बाद वह टूट गया।
बस ने बाइक सवार दंपति को पीछे से मारी टक्कर, महिला की मौत
बस ने बाइक सवार दंपति को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर पीछे बैठी महिला की मौत हो गई। मानपुर पुलिस ने बताया कि एबी रोड स्थित ग्राम रामपुरियाखुर्द में हादसा हुआ। संजय डाबर निवासी बुरालिया पत्नी रेखाबाई के साथ बाइक से जा रहा था। तभी उज्जैन पासिंग बस वाले ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में संजय और रेखाबाई सड़क पर गिर गए। गंभीर चोटें लगने के चलते रेखाबाई की मौत हो गई।
ट्रक की टक्कर से महिला की मौत
किशनगंज इलाक में हुए सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई। उसे टक्कर मारने वाले ट्रक चालक पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया। किशनगंज पुलिस ने बताया कि एबी रोड पर 32 साल की रानू उर्फ रानो पति श्याम निवासी ग्राम खुशियार जिला सीधी को एक ट्रक चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए टक्कर मार दी। हादसे में रानू की मौत हो गई।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved