
पीक आवर में परेशान हो रहे वाहन चालक, सिग्नल के भरोसे चलता है ट्रैफिक
इन्दौर। शहर (Indore) के मध्य क्षेत्र को पूर्व से जोडऩे वाली दो सडक़ों (two roads) के निर्माण कार्य के चलते ट्रैफिक का पूरा बोझ पाटनीपुरा चौराहे (Patnipura Intersection) पर आ रहा है। नतीजतन सुबह और शाम पीक आवर में चारों ओर से ट्रैफिक गुत्थमगुत्था हो जाता है और वाहन चालक परेशान होते रहते हैं। बावजूद इसके पूरा यातायात ट्रैफिक सिग्नल के भरोसे छोड़ दिया जाता है और वाहन चालक जल्दी निकलने की होड़ में दूसरे वाहनों को भी फंसा देते हैं।
एबी रोड के अलावा शहर के मध्य क्षेत्र को पूर्वी क्षेत्र की कालोनियों से जोडऩे के लिए जंजीरवाला चौराहे से लेकर अटल द्वार और एक अन्य रास्ता मालवा मिल से पाटनीपुरा का है। वहीं इस बीच आने वाली कालोनियों और मोहल्लों के लिए जीणमाता मंदिर रोड से तीसरा रास्ता है। नगर निगम ने जंजीरवाला चौराहा से लेकर लक्ष्मी मेमोरियल का रास्ता रोड बनाने के कारण बंद कर रखा है और अभी इस पर काम चल रहा है, जिससे बहुत ही कम वाहन चालक न्यू पलासिया की गलियों में होकर गंतव्य को पहुंच रहे हैं। एक तरह से यह रोड वाहन चालकों के लिए बंद ही है। वहीं जीणमाता मंदिर से एक रोड अंदर की कालोनियों में पहुंचता है, जहां ड्रेनेज लाइन डाली जा रही है। सडक़ के बीचोबीच यह लाइन डाली जा रही है, जिस कारण जीणमाता मंदिर से नेहरू नगर रोड नंबर 9 तक का यातायात प्रभावित हो रहा है। अब बचती है मालवा मिल से पाटनीपुरा तक की सडक़, तो इस सडक़ पर इतने वाहनों की आवाजाही होती है कि सुबह और शाम यहां लंबा जाम लग जाता है। पाटनीपुरा चौराहा विजयनगर, एलआईजी, मालवा मिल और परदेशीपुरा चौराहे के रास्तों का जंक्शन है। चारों ओर से वाहन यहां इस तरह गुत्थमगुत्था हो जाते हैं कि चारों लेन का ट्रैफिक फंस जाता है और वाहन चालक आपस में गुत्थमगुत्था होते रहते हैं। यही नहीं, यहां का ट्रैफिक सिग्नल के अनुसार ही चलता है और यातायात पुलिसकर्मी यहां नदारद रहते हैं। इस कारण वाहन चालकों को जहां से जगह मिलती है, उधर घुसकर टै्रफिक का कबाड़ा कर देते हैं।
सिग्नल के टाइम में सुधार करने की जरूरत
यहां जो ट्रैफिक सिग्नल लगे हैं उनकी टाइमिंग पुराने हिसाब से की गई है। कुछ वाहन ही आगे बढ़ते हैं कि सिग्नल लाल हो जाता है। इस चक्कर में वाहन बीच में रुक जाते हैं और दूसरी ओर का ट्रैफिक शुरू हो जाता है। यह कारण भी जाम की वजह बनता है। अगर ट्रैफिक पुलिस यहां ट्रैफिक के हिसाब से सिग्नल की टाइमिंग बढ़ाए तो जाम की स्थिति से काफी हद तक निजात मिल सकती है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved