
इन्दौर। इंदौर (Indore) के देवी अहिल्याबाई होलकर विमानतल (airport) की बाहरी भव्यता (External grandeur) के विपरीत उसका अंदरूनी हिस्सा यात्रियों को खटकने लगा है। एयरपोर्ट के टर्मिनल के अंदर छत का बड़ा हिस्सा खुले लोहे के स्ट्रक्चर के साथ दिखाई देता है, जो पूरे इंटीरियर को सुंदर के बजाए कुछ हद तक अजीब और अधूरा बनाता है। इसी को लेकर एक यात्री ने सोशल मीडिया पर एयरपोर्ट प्रबंधन से सवाल करते हुए अंदरूनी हिस्से को बेहतर बनाने की मांग की है सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एस. लखोटिया नामक यात्री ने एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया और इंदौर एयरपोर्ट प्रबंधन को टैग करते हुए एयरपोर्ट के अंदर की तस्वीर साझा की और लिखा कि इंदौर एयरपोर्ट के अंदरूनी हिस्से को ऐसा डिजाइन करने से आपको कौन रोक रहा है, जो देखने में खूबसूरत लगे? कोई भी व्यक्ति अंदर लोहे का स्ट्रक्चर नहीं देखना चाहता। यह सिर्फ मेरी बात नहीं है, बल्कि एआई ने भी कुछ उपयुक्त डिजाइन सुझाए हैं।
एआई से बताया- ऐसा हो सकता है एयरपोर्ट का लुक
यात्री ने केवल मौजूदा व्यवस्था पर सवाल नहीं उठाया, बल्कि एआई की मदद से तैयार किए गए वैकल्पिक डिजाइन भी पोस्ट किए। इन डिजाइन में छत को सजावटी पैटर्न से ढककर ज्यादा आकर्षक बनाने के सुझाव दिए गए हैं। कुछ डिजाइन में मालवा की कला और वास्तुकला से प्रेरित पैटर्न, जबकि कुछ में लहरदार आधुनिक डिजाइन दिखाई दे रहे हैं। इनमें मालवा हेरिटेज, मालवा मोटिफ्स और नर्मदा फ्लो जैसी थीम के जरिए एयरपोर्ट को इंदौर की पहचान से जोडऩे का प्रयास किया गया है।
एयरपोर्ट प्रबंधन ने कहा सुझावों पर जरूर विचार करेंगे
यात्री की पोस्ट पर एयरपोर्ट प्रबंधन ने जवाब देते हुए सुझाव और रचनात्मक विचारों के लिए धन्यवाद दिया। प्रबंधन ने कहा कि इंदौर एयरपोर्ट के इंटीरियर की सुंदरता बढ़ाने से संबंधित सुझाव को नोट किया गया है और इसे भविष्य की सौंदर्यीकरण योजनाओं के लिए संबंधित टीम के साथ साझा किया जाएगा। हालांकि फिलहाल इंटीरियर में बदलाव की कोई योजना नहीं है। ऐसे में यात्री का सवाल बना हुआ है कि जब एयरपोर्ट शहर की पहचान और बाहर से इतना भव्य है, तो अंदर का यह खुला लोहे का स्ट्रक्चर और फीका इंटीरियर कब बदलेगा?
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved