
इंदौर। विकाससिंह राठौर
इंदौर (Indore) में आज सुबह ठंड ने पिछले 10 साल का रिकॉर्ड (10-year record) तोड़ दिया। सुबह करीब 6 बजे न्यूनतम तापमान (Minimum temperature) गिरकर 13.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। खास बात यह है कि पिछले एक दशक में अक्टूबर में न्यूनतम तापमान पहली बार 14 डिग्री से नीचे आया है। इससे पहले पिछले साल ही 12 अक्टूबर 2025 को न्यूनतम तापमान 14 डिग्री दर्ज किया गया था, जो पिछले 10 सालों में अक्टूबर का सबसे कम तापमान था। आज सुबह पारा उससे भी नीचे पहुंच गया है। रात से सुबह के बीच बढ़ती ठंडक के कारण मौसम में बदलाव साफ महसूस होने लगा है।
विमानतल स्थित मौसम केंद्र के मुताबिक कल दिन का अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री रहा, जो सामान्य से 1 डिग्री ज्यादा लेकिन परसों की अपेक्षा 0.5 डिग्री कम था, वहीं सुबह करीब 6 बजे न्यूनतम तापमान 13.4 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3 डिग्री और कल की अपेक्षा 5.2 डिग्री कम था। यह यानी 24 घंटों में ही न्यूनतम तापमान में 5 डिग्री से ज्यादा की कमी आई है। इस दौरान हवाओं की दिशा उत्तर-पूर्वी रही और अधिकतम रफ्तार 15 किलोमीटर प्रतिघंटे तक पहुंची। कृषि महाविद्यालय स्थित मौसम केंद्र पर भी आज सुबह न्यूनतम तापमान 13.5 डिग्री दर्ज किया गया।
सूरज निकलते ही ढाई घंटे में 11 डिग्री बढ़ा तापमान
सुबह के तापमान में गिरावट के बावजूद सूरज उगते ही पारा तेजी से उछल रहा है। दिन में तेज धूप के कारण तीखी गर्मी का एहसास हो रहा है। आज सुबह भी जहां 6 बजे न्यूनतम तापमान 13.4 डिग्री था, वहीं महज ढाई घंटे बाद सुबह 8.30 बजे यह बढ़कर 24.6 डिग्री पर जा पहुंचा, यानी ढाई घंटे में तापमान में 11.2 डिग्री की बढ़त दर्ज की गई। दिन चढ़ने के साथ तापमान में यह तेजी जारी रहेगी और कल की तरह आज भी तापमान 33 डिग्री के करीब पहुंचने का अनुमान है। इस तरह सुबह और दोपहर के तापमान में करीब 20 डिग्री का अंतर देखने को मिलेगा, वहीं सूरज ढलते ही ठंडी हवाओं के कारण गर्मी से राहत मिलेगी।
27 साल पहले 6.2 डिग्री पर जा चुका है पारा
आज सुबह जहां पिछले 10 सालों का अक्टूबर का सबसे कम तापमान दर्ज किया गया वहीं अक्टूबर के इतिहास को देखें तो इंदौर में सबसे ठंडा अक्टूबर अब से 27 साल पहले वर्ष 1999 में देखा गया था। तब 22 अक्टूबर को न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री पर पहुंच गया था, जो इंदौर में अक्टूबर में दर्ज अब तक का सबसे कम तापमान है।
अक्टूबर के पहले दिन टूटा था गर्मी का रिकॉर्ड
इस साल अक्टूबर अपने नाम नए रिकॉर्ड दर्ज कर रहा है। आज सुबह जहां न्यूनतम तापमान ने पिछले 10 साल का रिकॉर्ड तोड़ा। वहीं अक्टूबर के पहले ही दिन 1 अक्टूबर को दिन का अधिकतम तापमान 35.7 डिग्री पहुंचा था, जो पिछले 10 साल में अक्टूबर में दर्ज सर्वाधिक तापमान था। इससे पहले वर्ष 2017 में 2 और 4 अक्टूबर को अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री दर्ज किया गया था। इस तरह इस साल अक्टूबर में पिछले 10 साल में सबसे ज्यादा गर्मी और सबसे ज्यादा ठंड दर्ज की गई है।
अब खुला रहेगा मौसम, बारिश की उम्मीद नहीं
मौसम विभाग के अनुसार पिछले तीन-चार दिनों में शहर में हल्की बारिश देखने को मिल रही थी, लेकिन कल से मौसम साफ है। संभावना है कि आने वाले दिनों में भी मौसम साफ ही रहेगा, जिसके चलते अब बारिश की उम्मीद नहीं है। अक्टूबर में अब तक 8.9 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। आसमान साफ रहने और बारिश नहीं होने के बीच रात के तापमान में गिरावट का सिलसिला जारी रह सकता है। अक्टूबर में आमतौर पर मानसून की विदाई के बाद मौसम शुष्क होने लगता है। बादलों की कमी के कारण दिन अपेक्षाकृत गर्म और रातें ठंडी होने लगती हैं। इस बार भी तापमान में यही अंतर दिखाई दे रहा है।
एक नजर पिछले 10 साल में अक्टूबर के न्यूनतम तापमान –
वर्ष न्यूनतम तापमान तारीख
2016 14.6 30 अक्टूबर
2017 15.1 31 अक्टूबर
2018 16.2 30 अक्टूबर
2019 17.0 13 अक्टूबर
2020 15.8 28 अक्टूबर
2021 14.1 30 अक्टूबर
2022 16.0 24 अक्टूबर
2023 16.6 28 अक्टूबर
2024 16.8 25 अक्टूबर
2025 14.0 12 अक्टूबर
2026 13.4 24 अक्टूबर
(जानकारी मौसम विभाग के अनुसार, तापमान डिग्री सेल्सियस में)
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved