
इंदौर। चाकू लगे युवक को रात को एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया गया। बरात में झगड़े के बाद उसे दोस्त ने जैसे ही चाकू मारा तो अन्य बराती उसे इधर से उधर अस्पतालों में कई किलोमीटर बाइक से दौड़ाते रहे। आखिर सभी डॉक्टरों ने हाथ खड़े करते हुए इंदौर रैफर किया।
दीनदयाल नगर टीआई एके नमामा ने बताया कि रतलाम जिले की पेटलावद तहसील के सारंगी और कड़वड़ गांव के बीच में एक बरात से लौटते समय राजेश पिता मांगीलाल निवासी ईश्वर नगर का उसके दोस्त गोविंद से विवाद हो गया था। इसके बाद गोविंद ने चाकू निकालकर राजेश के पेट में मार दिया। चाकू पेट में ही धंस गया। इसके चलते बरातियों में अफरा-तफरी मच गई। बराती बाइक से उसे पास के अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टर ने गंभीर मामला बताते हुए जिला अस्पताल रैफर किया। वहां भी उसका उपचार करने में डॉक्टरों ने असमर्थता जताई और इंदौर रैफर कर दिया। राजेश के पेट में धंसा चाकू आज एमवाय के डॉक्टर ऑपरेशन कर निकालेंगे।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved