
इंदौर। मालवा मिल (Malwa Mill) क्षेत्र में एनटीसी (NTC) की जमीन (Land) पर शराब दुकान (Liquor Shop ) खोलने के मामले में अधिकारियों ने कलेक्टर (Collector) को शिकायत की है। उन्होंने कलेक्टर को लिखे पत्र में आपत्ति जताई है, साथ ही उच्च न्यायालय द्वारा दिए गए स्थगन आदेश का हवाला भी दिया है।
एनटीसी की इस जमीन पर कल एक शराब ठेकेदार द्वारा शराब दुकान खोलने के लिए सामान रख दिया गया था, जिसकी भनक रहवासियों को लगी तो उन्होंने इसका पुरजोर विरोध कर दिया और कहा कि रहवासी एरिया में दुकान नहीं खुलने दी जाएगी। सुबह रहवासियों ने चक्काजाम किया। पुलिस ने बाद में उसे खुलवा तो दिया, लेकिन आंदोलनकारियों को वहां से हटा नहीं पाई। आंदोलनकारियों ने धरना स्थल पर ही पोहे बनाकर नाश्ता किया और शाम को खाना बनाकर खाया भी। इसके बाद रात में अधिकारियों और ठेकेदार की सद्बुद्धि के लिए सुंदरकांड पाठ भी किया गया। दिन में आबकारी अधिकारी भी मौके पर पहुंचे, लेकिन वह भी मायूस नजर आए और कहा कि दुकान यहां खुलकर ही रहेगी। बाद में इस मामले में विधायक महेंद्र हार्डिया और क्षेत्रीय पार्षद नंदकिशोर पहाडिय़ा ने हस्तक्षेप किया और कलेक्टर से बात की। कलेक्टर ने भी लोगों की भावनाओं का ध्यान रखते हुए यहां दुकान नहीं खोलने का आश्वासन दिया। दूसरी ओर एनटीसी की जमीन पर खुल रही इस शराब दुकान को लेकर एनटीसी के अधिकारियों ने भी कलेक्टर को पत्र लिखकर 2023 में उच्च न्यायालय में लगी एक याचिका का उल्लेख किया है, जिसमें न्यायालय ने यथास्थिति रखने के निर्देश दिए थे। उन्होंने पत्र में लिखा कि जमीन भारत सरकार के अधीन है। इसकी अनुमति के बिना यहां कुछ नहीं हो सकता है। विदित है कि इस जमीन को रवींद्र लिमजे ने गोदाम के लिए लिया हुआ है, लेकिन यहां कपड़ा दुकान संचालित हो रही थी और अब गोदाम मालिक ने इसे शराब दुकान खोलने के लिए दे दिया, जो नियमों के खिलाफ है। हालांकि कल दुकान खुली थी, लेकिन आज सुबह से दुकान के शटर बंद हंै। इसे रहवासियों ने अपनी जीत बताया ह
भावुक हो गए रहवासी
जैन बहुल इस इलाके को शांतिप्रिय माना जाता है। जब लोगों को यहां शराब दुकान खोलने की जानकारी लगी तो वह भडक़ गए। कुछ रहवासी तो भावुक हो गए। लोगों के यहां कल खाना नहीं बना तो मोहल्ले के युवाओं ने यहीं उनके लिए पोहे बनवाए और शाम को खाना बनाकर खिलाया। यहां शुरू से रहने वाले पूनमचंद सतभैया और अन्य बुजुर्गों की आंखों में आंसू आ गए। उन्होंने कहा कि हमने कभी नहीं सोचा था कि यहां शराब दुकान खुलेगी। शराब दुकान खोलने के बाद यहां का माहौल खराब होगा, जो यहां के रहवासी नहीं चाहते। यह जैन समाज का क्षेत्र है और समाज के लोग शांतिप्रिय हैं।
गोदाम मालिक के खिलाफ लोगों में आक्रोश
कल गोदाम मालिक के प्रति लोगों में आक्रोश देखने को मिला। गोदाम मालिक रवींद्र लिमजे पर भी लोगों ने आरोप लगाया और कहा कि उसने खुद गोदाम किराए से लिया है तो इसे गोदाम बनाया जाए, जबकि यहां कपड़े की एक बड़ी दुकान खोल दी गई है और उसका किराया वसूला जा रहा है। नियम अनुसार कोई भी किराएदार दूसरा किराएदार नहीं रख सकता है, जबकि जमीन पर कोर्ट द्वारा यथास्थिति रखने के आदेश दिए गए हैं।ै।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved