
इंद्र के वेश में उठाई भगवान की पालकी, सफेद वस्त्रों में शामिल हुए समाजजन
इंदौर। भगवान आदिनाथ (Lord Adinath) के जन्म कल्याणक उत्सव (birth anniversary celebration) के अवसर पर पीपलीबाजार स्थित सफेद मंदिर से भव्य पालकी यात्रा (Grand Palki Yatra) निकाली गई। गाजे-बाजे और ढोल-नगाड़ों के साथ निकली इस यात्रा में बड़ी संख्या में जैन समाज के लोग सफेद वस्त्र धारण कर शामिल हुए। इंद्र के वेश में श्रद्धालुओं ने भगवान की पालकी को कंधों पर उठाकर नगर भ्रमण कराया।
यात्रा शुरू होने से पहले मंदिर परिसर में दानदाताओं का सम्मान किया गया। इस अवसर पर पधारे महाराज श्री ने अपने 25 किलोमीटर के विहार के बाद इंदौर पहुंचकर श्रद्धालुओं को आशीर्वचन दिए और पालकी यात्रा का शुभारंभ करवाया। पालकी यात्रा में महिलाओं ने भक्ति भाव से भजनों पर नृत्य किया और भगवान आदिनाथ की आरती उतारकर मंगलकामनाएं कीं। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं ने फूलों की वर्षा कर भगवान का स्वागत किया। यात्रा में ढोल, बैंड और धार्मिक भजनों की धुन पर भक्त झूमते नजर आए। आयोजन में समाज के वरिष्ठजन विजय मेहता, सुधीर सेठिया, मनीष सुराणा और संजय मोगरा सहित बड़ी संख्या में साधु-संत, महिला मंडल, युवा मंडल और समाज के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। आयोजकों ने बताया कि इस धार्मिक आयोजन को लगातार 15 वर्षों से आयोजित किया जा रहा है। पालकी यात्रा पिपली बाजार से प्रारंभ होकर शहर के विभिन्न मार्गों से होकर निकली, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होकर भगवान आदिनाथ के जन्म कल्याणक उत्सव को उत्साह और श्रद्धा के साथ मना रहे हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved