
इंदौर। इंदौर के नवलखा क्षेत्र स्थित पवनपुरी इलाके में सोमवार सुबह बसों में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बसों की पार्किंग और मरम्मत स्थल पर वेल्डिंग के दौरान निकली चिंगारी से आग भड़की, जिसने देखते ही देखते आसपास खड़ी बसों को अपनी चपेट में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक करीब 5 बसें जलकर खाक हो गईं। घटना के समय वहां 20 से अधिक बसें खड़ी थीं। आग फैलने के बाद अन्य बसों को तत्काल वहां से हटाया गया, ताकि नुकसान और न बढ़े।
स्थानीय लोगों ने बताया कि आग के दौरान 4 से ज्यादा गैस सिलेंडरों के फटने जैसी तेज आवाजें सुनाई दीं, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। रिहायशी क्षेत्र होने के कारण लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया। दमकलकर्मी लगातार आग पर काबू पाने में जुटे रहे। फिलहाल किसी जनहानि की सूचना नहीं है।
स्थानीय पार्षद मनीष शर्मा ने आरोप लगाया कि रिहायशी इलाके में निजी बसों की पार्किंग और मरम्मत को लेकर पहले भी कई बार चेतावनी दी जा चुकी थी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने मौके पर धरना देते हुए कहा कि जब तक बसों को यहां से हटाने और समस्या के स्थायी समाधान का निर्णय नहीं होता, वे धरने पर बैठे रहेंगे।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved