
इंदौर। आज 4 बजे मुख्यमंत्री मोहन यादव और केन्द्रीय मंत्री मनोहरलाल खट्टर, राज्यमंत्री पोखन साहू सहित नगरीय विकास और आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय व अन्य जनप्रतिनिधि की मौजूदगी में इंदौर मेट्रो की यात्री सेवा का दूसरा चरण लोकार्पित हो रहा है। कल से जनता गांधी नगर से रेडिसन चौराहा तक 17 किलोमीटर में मेट्रो ट्रेन का सफर कर सकेगी। संभव है कल रविवार की छुट्टी के चलते यात्री मिल जाएं, मगर उसके बाद भी इस रुट पर भी यात्रियों का टोटा रहेगा, जब तक कि एयरपोर्ट से कनेक्टीविटी नहीं हो जाती। 16 स्टेशनों से अभी मेट्रो गुजरेगी और रोजाना 80 से अधिक फेरे लगाने की जानकारी मेट्रो कॉर्पोरेशन ने दी है।
इंदौर मेट्रो के पहले चरण में यात्री सफर की शुरुआत सालभर पहले की गई थी। तब गांधी नगर से टीसीएस चौराहा तक साढ़े 5 किलोमीटर के प्रायोरिटी कॉरिडोर में मेट्रो का व्यवसायिक संचालन शुरू किया गया। मगर यात्रियों का घनघोर टोटा होने के चलते एकाध मेट्रो ही अभी चलाई जा रही है। इसके बाद एलिवेटेड कॉरिडोर का विस्तार रेडिसन यानी मालवीय नगर स्टेशन तक हो गया है। मगर बीते 5 महीनों से लोकार्पण की मुहूर्त्त ही नहीं निकल पा रहा था। अब आज रात दुबई रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री इस 17 किलोमीटर के ट्रैक का लोकार्पण कर रहे हैं और कल रविवार से आम जनता भी इसमें सफर शुरू कर सकेगी। सुबह 9 से शाम 7 बजे तक हर 15 मिनट में मेट्रो मिलेगी और 80 से अधिक फेरे लगाएगी। हालांकि फेरों की संख्या बाद में इसलिए घट जाएगी क्योंकि यात्री ही उतने नहीं मिलेंगे।
अभी भी गांधी नगर से मालवीय नगर स्टेशन तक यात्रियों की संख्या कम रहेगी, जब तक कि एयरपोर्ट से गांधी नगर के बीच की कनेक्टीविटी पूरी नहीं हो जाती। इसके लिए अंडरग्राउंड रुट का काम अब शुरू हुआ, जिसमें समय लगेगा और फिर एयरपोर्ट से विजय नगर के बीच जब यह कनेक्टीविटी पूरी हो जाएगी तब मेट्रो में यात्रियों की संख्या में वृद्धि संभव है। 4 बजे ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में आयोजित समारोह के जरिए मुख्यमंत्री और केन्द्रीय मंत्री विस्तारित मेट्रो सेवा का शुभारंभ करेंगे। यात्रियों को प्रोत्साहित करने के लिए एमपीएमआरसीएल द्वारा आकर्षक प्रमोशनल डिस्काउंट पॉलिसी लागू की गई है। इसके तहत रिटर्न जर्नी टिकट पर 5 प्रतिशत तथा ग्रुप टिकट पर 10 प्रतिशत की छूट दी जा रही है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved