
इन्दौर। पालतू कबूतरों (Pet pigeon) को पास की मल्टी में लेने गए नाबालिग (Minor) की कुछ बच्चों ने बेल्ट से पिटाई (beaten) कर दी। आहत होकर नाबालिग ने फांसी लगाकर जान दे दी। घटना के दौरान उसके माता-पिता जन्माष्टमी का त्योहार मनाने के लिए गए हुए थे।
14 वर्षीय भय्यू पिता कमल निवासी तेजपुर गड़बड़ी के शव का एमवाय अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया। कल रात करीब 10 बजे उसने फांसी लगा ली थी। उसके परिजन ने बताया कि वह पढ़ाई करता था। उसने कबूतर पालकर रखे थे। उसके कबूतर कल उड़ गए थे। वह काली मल्टी में कबूतरों को लेने के लिए गया था। वहां दो बच्चों से उसका विवाद हुआ। विवाद के दौरान बच्चों ने उसे बेल्ट से पीटा, जिसके बाद भय्यू ने घर आकर फांसी लगा ली। भय्यू के पिता मकान निर्माण काम से जुड़े हैं। पिता और मां जन्माष्टमी पर उसके मामा के घर राखी का त्योहार मनाने के लिए गए थे। भय्यू घर का बड़ा बेटा था। उससे बड़ी बहन की शादी हो गई है। उसका एक छोटा भाई और है।
उज्जैन जाने की जिद में जान दी
एक युवती ने जहर पीकर जान दे दी। बताया जा रहा है कि घर में उसका विवाद हो गया था। हातोद इलाके के ग्राम पालिया की रहने वाली 18 साल की सपना पिता सुशील को जहर खाने के चलते एमवाय अस्पताल लाया गया। बताया जा रहा है कि सपना उज्जैन देव दर्शन करने जाने की जिद कर रही थी। जब उसके परिजन ने उसे नहीं भेजा तो घर में उसने विवाद किया और यह कदम उठा लिया। इसी तरह आत्महत्या के एक अन्य मामले में खुडै़ल पुलिस ने बताया कि ग्राम मुंडला में सुमेरसिंह के खेत में बने कमरे में 31 साल के छोटेलाल पिता सोभान ने फांसी लगाकर जान दे दी। ग्राम सनावदिया में राजेंद्र नागर की दुकान के बरामदे में अज्ञात व्यक्ति का शव मिला। पुलिस उसकी पहचान करने का प्रयास कर रही है। सिमरोल इलाके के बाईग्राम में 26 साल के दिनेश पिता रामलाल जमरे ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस जांच कर रही है कि उसने यह कदम क्यों उठाया।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved