
इंदौर। नगर निगम द्वारा अधूरी पड़ी सरवटे टू गंगवाल सडक़ को पूरा करने के लिए मशक्कत की जा रही है। इसके लिए रावजी बाजार, शनि मंदिर, रावला, चंद्रभागा क्षेत्र के कई रहवासियों से विभिन्न दस्तावेज जोन पर जमा करने को कहा गया है। आज इसका अंतिम दिन है और कई रहवासी इस दौरान झोन पर पहुंचकर हंगामा भी कर सकते हैं।
हाथीपाला तक सरवटे टू गंगवाल सडक़ का एक हिस्सा बनकर तैयार हो चुका है, जबकि हाथीपाला से चंद्रभागा तक निर्माण कार्य होना है। निगम द्वारा पूर्व में बताई गई सेंटर लाइन के आधार पर कई रहवासियों ने अपनी बाधाएं हटा ली थीं और उसके बाद फिर सेंटर लाइन बदल दी गई, जिसके चलते वहां विवाद की स्थिति बन रही है, वहीं दूसरी ओर रहवासी 80 फीट के बजाय 60 फीट चौड़ी सडक़ बनाने की मांग कर रहे हैं, ताकि उनके वर्षों पुराने मकान बच जाएं।
कई रहवासियों ने खुद अपने स्तर पर बाधाएं हटा ली थीं। निगम द्वारा पिछले दिनों जारी किए गए नोटिस के बाद ऐसे सभी मकान-दुकान के मालिकों को आज तक अपने दस्तावेज हरसिद्धि झोन पर जमा कराने को कहा गया। इसी के चलते आज कई रहवासी बड़ी संख्या में अपने दस्तावेज और वर्षों पुराने कागजात लेकर झोन पर पहुंचेंगे। इस दौरान वहां हंगामा होने की संभावना भी जताई जा रही है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved