
बच्चे से शादी समारोह में चोरी करवाया था बैग, पुलिस ने घोषित किया पांच हजार का इनाम
इंदौर। बाणगंगा थाना (Banganga Police Station) क्षेत्र में विवाह समारोह (marriage ceremony) से बच्चे (Children) के माध्यम से साढ़े चार लाख रुपए से भरा बैग (Bag) चुराने वाले के घर पुलिस ने छापा मारा। हालांकि वह पुलिस के आने के पहले ही भाग गया।
कुछ दिन पहले बाणगंगा थाना क्षेत्र स्थित मिलन सुंदरम गार्डन में हरीश झा के बेटे इंद्रजीत की शादी थी। इस दौरान एक नाबालिग स्टेज से 4 लाख 70 हजार से भरा बैग उड़ा ले गया था। डीसीपी राजेश व्यास ने बताया कि फुटेज के आधार पर बाणगंगा पुलिस की टीम ने राजगढ़ में बोरी थाना क्षेत्र के कडिया गांव में चोरी कराने वाले आरोपी रितिक पिता नीरज के घर पर छापा मारा। वह तो नहीं मिला, लेकिन बैग और पैसा बरामद हो गया। उधर स्टेज के पास से जो बच्चा बैग उठाकर ले जाते हुए सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ, उस बच्चे की भी पहचान हो गई है। अब यह पता लगाया जा रहा है कि मुख्य आरोपी ऐसे कितने बच्चों से चोरी की वारादतें करवाता है। अब पुलिस ने आरोपी रितिक पर पांच हजार का इनाम घोषित किया है। वहीं उसके फुटेज जारी किए हैं, ताकि आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की जा सके। ज्ञात रहे कि शहर में हर साल शादी के सीजन में राजगढ़-ब्यावरा के कडिया गिरोह सक्रिय रहते हैं और चार-पांच वारदातों को अंजाम देकर रफूचक्कर हो जाते हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी के पकड़े जाने पर कई मामलों का खुलासा हो सकता है। उसका पुराना रिकार्ड भी है। वह कडिया गिरोह का सदस्य है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved