
इंदौर। इंदौर के हीरा नगर थाना क्षेत्र में देर रात पति से विवाद के बाद घर से निकली एक महिला को कुछ लोगों ने बच्चा चोर समझ लिया और उसके साथ जमकर मारपीट कर दी। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस ने साफ किया है कि शहर में बच्चा चोरी की कोई घटना नहीं हुई है और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
दरअसल, इंदौर के हीरा नगर थाना क्षेत्र में रहने वाली एक महिला का देर रात अपने पति से विवाद हो गया था। विवाद के बाद महिला घर से बाहर निकल गई और नाले के पास टहलती हुई नजर आई। इसी दौरान आसपास के कुछ लोगों ने उसे बच्चा चोर होने की आशंका में घेर लिया। जिसमें बिना किसी पुष्टि के लोगों ने महिला के साथ मारपीट शुरू कर दी। बाद में जब मामला स्पष्ट हुआ तो पीड़िता ने हीरा नगर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि इंदौर शहर में बच्चा चोरी की कोई भी घटना सामने नहीं आई है। आम जनता से अपील की गई है कि वे सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से फैल रही अफवाहों पर ध्यान न दें और कानून को अपने हाथ में न लें। पुलिस ने चेतावनी दी है कि भ्रामक जानकारी फैलाने वालों के खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved