
मेघदूत टॉवर के दुकानदारों ने बेसमेंट में बनी दुकानों के हिस्से हटाने पर दी सहमति, खुद ही बाधाएं हटाइंर्
इंदौर। नगर निगम (Municipal council) द्वारा होटल वॉव (Wow Hotel) से भमोरी प्लाजा (Bhamori Plaza) तक बनाई जा रही 104 फीट चौड़ी सड़क (104-foot-wide road) के लिए कई हिस्सों में बाधाएं हटाने का काम शुरू कर दिया गया है। कल निगम अधिकारियों ने सयाजी क्षेत्र में बाधक निर्माणों को लेकर रहवासियों और दुकानदारों को खुद अपने बाधक हिस्से हटाने को कहा, जिस पर सहमति बन गई। वहां बने वर्षों पुराने मेघदूत टावर के बेसमेंट की 20 से ज्यादा दुकानों के कई बाधक हिस्से और ऊपरी मंजिल के कई हिस्सों को रहवासी खुद अपने स्तर पर हटाने पर सहमत हो गए हैं और कुछ ने वहां कल से ही काम शुरू कर दिया।
नगर निगम द्वारा शहर के कई क्षेत्रों में मास्टर प्लान की नई सड़कें बनाई जा रही हैं। साथ ही जिन सड़कों के काम बाधाओं के कारण अटके हैं, उनकी बाधाएं भी हटाने का काम शुरू कर दिया गया है, ताकि दीपावली के आसपास तक सड़कों के काम पूरे हो सकें। नगर निगम द्वारा होटल वॉव से भमोरी प्लाजा तक 104 फीट चौड़ी सड़क बनाई जा रही है और कई हिस्सों में इसका निर्माण कार्य पूरा भी हो चुका है, लेकिन सयाजी क्षेत्र में गिरधर महल के सामने मेघदूत टावर के बेसमेंट में बनी करीब 20 से ज्यादा दुकानों के हिस्से और ऊपरी मंजिल के कई हिस्से सड़क की जद में आ रहे थे। कल जनकार्य समिति प्रभारी राजेंद्र राठौर व निगम के कई अधिकारी मौके पर पहुंचे तो मेघदूत टावर के रहवासियों और दुकानदारों ने उनसे चर्चा की और कहा कि निगम निशान लगा ले, वे अपने स्तर पर बिल्डिंग की ऊपरी मंजिल और दुकानों के बाधक हिस्से खुद हटा लेंगे। निगम की टीमों ने कल वहां करीब 20 से ज्यादा दुकानों और ऊपरी मंजिल के हिस्सों को चिह्नित कर दिया, जिसके बाद दोपहर बाद तक रहवासियों ने कुछ मजदूरों को बुलाकर काम शुरू करवा दिया और कई बाधक हिस्से हटाना शुरू कर दिए गए। उक्त सड़क पर भमोरी क्षेत्र में भी कुछ आलमारी की दुकानों और कबाड़ों की दुकानों के हिस्से भी बाधक हैं, जिन्हें दीपावली बाद हटाने की कार्रवाई निगम के अमले द्वारा की जाएगी। वहां सड़क निर्माण को लेकर लोगों के 8 से 10 फीट तक के हिस्से चपेट में आ रहे हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved