
इंदौर। उत्तर भारत से आ रही बर्फीली हवाओं से इंदौर भी जमने लगा है। ठंडी हवाओं के कारण दिन की धूप भी बेअसर साबित हो रही है और पूरा शहर कांपता नजर आ रहा है। रात के साथ ही दिन भी इतने ठंडे हो चुके हैं कि दिन में भी अलाव जलते नजर आ रहे हैं। मौसम विभाग ने आज से अगले चार दिनों तक इंदौर में शीतलहर की चेतावनी दी है। साथ ही कल पहली बार एक साथ शीतलहर (कोल्ड वेव) और शीतल दिन (कोल्ड-डे) भी घोषित किया। आज भी यही स्थिति बनी हुई है। दिन और रात के तापमान में लगातार गिरावट का दौर जारी है।
विमानतल स्थित मौसम केंद्र के मुताबिक कल दिन का अधिकतम तापमान 22.1 डिग्री रहा, जो सामान्य से 7 डिग्री और परसों की अपेक्षा 0.8 डिग्री कम था। वहीं रात का न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री रहा, जो सामान्य से 4 डिग्री और परसों रात की अपेक्षा 0.1 डिग्री कम था। इस दौरान हवाओं की दिशा उत्तरी और उत्तर-पूर्वी रही। शीतलहर बनी हवाओं की अधिकतम रफ्तार 26 किलोमीटर प्रतिघंटे तक पहुंची, जिससे पूरा शहर कांपता नजर आया।
सीजन का सबसे ठंडा दिन और रात रहे
कल दर्ज दिन और रात के तापमान ने इस साल बने अपने ही रिकार्ड को तोड़ दिया। इसके साथ ही कल का दिन इस सीजन का सबसे ठंडा दिन बन गया। वहीं कल की रात भी इस सीजन की सबसे ठंडी रात बन गई। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले कुछ दिनों तक ठंड से राहत के कोई संकेत नहीं हैं।
19 तक जारी रहेगी कड़ाके की ठंड
भोपाल मौसम केंद्र ने कल जारी अपने पांच दिनों के पूर्वानुमान में इंदौर में 14 दिसंबर तक शीतलहर की चेतावनी दी है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक 15 से दिन के तापमान में थोड़ी बढ़त देखने को मिलेगी, लेकिन रात का तापमान 10 डिग्री के नीचे ही बना रहेगा। 19 दिसंबर के बाद रात के तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन ठंड से बहुत ज्यादा राहत की उम्मीद नहीं है।
एक नजर पिछले 10 सालों में दिसंबर के सबसे कम तापमान पर
वर्ष तापमान तारीख
2014 5.0 17
2015 7.0 24
2016 9.1 19, 26
2017 8.8 27
2018 6.6 29
2019 6.6 28
2020 8.0 29
2021 6.5 20
2022 10.1 8
2023 11.6 20
2024 8.6 11
(जानकारी मौसम विभाग के मुताबिक)
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved