
इंदौर। विजय नगर क्षेत्र में एक मॉल में स्थित शोरूम के मैनेजर ने करीब 10 लाख रुपए की धोखाधड़ी को अंजाम दिया और नौकरी छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने केस दर्ज किया है।आरोपी बिहार का रहने वाला है और उसकी तलाश में पुलिस टीम बिहार भेजी गई है।
इंदौर की विजय नगर थाना पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक धोखाधडी का मामला सी-21 मॉल स्थित एसिक्स शोरूम का है। पुलिस ने कंपनी मैनेजर सितलेश यादव निवासी सुयश विहार कॉलोनी की शिकायत पर आरोपी रोशन कुमार यादव निवासी बिहार के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है। आरोपी शोरूम में स्टोर मैनेजर था। आरोप है कि उसने बिना बिल के जूते, कपड़े और अन्य सामान बेचकर ग्राहकों से पैसे अपने खाते में ट्रांसफर कराए।
फरियादी ने पुलिस को बताया कि आरोपी को जून 2024 में नौकरी पर रखा गया था और वह 13 सितंबर 2025 को नौकरी छोड़कर चला गया और अपना मोबाइल भी बंद कर लिया। जब कंपनी ने स्टॉक की जांच की तो पता चला कि 65 जोड़ी जूते, 40 कपड़े और 38 एक्सेसरीज गायब है जिनकी कीमत करीब 9.93 लाख रुपए है। कंपनी ने अपने स्तर पर शोरूम के कर्मचारियों से पूछताछ की तो पता चला कि आरोपी स्टोर मैनेजर ने कई ग्राहकों को बेचे सामान की राशि कंपनी के खाते की बजाय अपने बैंक खाते में ट्रांसफर करवाई थी। उसकी तलाश में एक टीम बिहार भेजी गई है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved