
इंदौर। में सीएम हेल्पलाइन में की गई शिकायत वापस लेने के लिए दबाव बनाए जाने का मामला सामने आया है। कनाड़िया क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने पुलिस कमिश्नर की जनसुनवाई में पहुंचकर एमजी रोड थाना प्रभारी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला ने बताया कि वह प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही है। उसने नीमच में पदस्थ एक पुलिसकर्मी अनिरुद्ध के खिलाफ महिला थाने में दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया था। आरोप है कि आरोपी ने कोर्ट में उसकी वैवाहिक स्थिति को लेकर गलत जानकारी प्रस्तुत की।
पीड़िता के अनुसार, अप्रैल 2024 में उसने इस मामले की लिखित शिकायत एमजी रोड थाने में भी की थी। पुलिस ने उसके बयान तो दर्ज किए, लेकिन इसके बाद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। कार्रवाई नहीं होने पर उसने सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई। महिला का आरोप है कि 19 जनवरी 2026 से एमजी रोड थाना प्रभारी विजय सिसौदिया उसे देर रात व्हाट्सएप कॉल कर परेशान कर रहे हैं और शिकायत वापस लेने का दबाव बना रहे हैं।
मामले को लेकर महिला ने पुलिस कमिश्नर कार्यालय में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित सिंह को लिखित शिकायत सौंपी है। शिकायत के बाद मामले की जांच एक महिला अधिकारी को सौंपी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved