
इंदौर: इंदौर पुलिस (Indore Police) जहाँ एक ओर जनता के साथ मित्रवत व्यवहार का दावा करती है, वहीं दूसरी ओर कुछ ‘खाकी’ वाले इस छवि को धूमिल करने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें ट्रैफिक पुलिस के सब-इंस्पेक्टर बलराम तोमर (Sub-Inspector Balram Tomar) एक बुलेट सवार को सरेराह गालियां देते और लात मारते नजर आ रहे हैं। रेडिसन चौराहे (Radisson Intersection) पर हुई इस ‘गुंडागर्दी’ ने पुलिस महकमे को कटघरे में खड़ा कर दिया है। वीडियो पुराना बताया जा रहा है, लेकिन करतूत नई नहीं है..
इंदौर का व्यस्त रेडिसन चौराहा और यहाँ तैनात ट्रैफिक सब-इंस्पेक्टर बलराम सिंह तोमर। शनिवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुए महज 6 सेकंड के एक वीडियो ने एसआई तोमर की कार्यप्रणाली की पोल खोलकर रख दी है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि कैसे मामूली बात पर एसआई का पारा सातवें आसमान पर पहुँच गया और उन्होंने मर्यादा लांघते हुए बुलेट चालक पर लात बरसा दी। वीडियो भले ही कुछ माह पुराना बताया जा रहा है, लेकिन इसमें एसआई की दबंगई और गाली-गलौज साफ सुनी जा सकती है।बता दें कि एसआई बलराम तोमर का विवादों से पुराना नाता रहा है। ट्रैफिक विभाग में आने से पहले वे क्राइम ब्रांच में तैनात थे। चुनाव के दौरान उन्हें उज्जैन स्थानांतरित किया गया था, लेकिन वे फिर इंदौर लौट आए। हाल ही में उन पर वरिष्ठ अधिकारियों के नाम पर अवैध वसूली करने के भी गंभीर आरोप लगे थे। अब इस ताज़ा वीडियो के सामने आने के बाद विभाग की काफी किरकिरी हो रही है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved