
अब मंडल और जिलास्तर पर होंगे प्रशिक्षण, शहर में एक तो मंडल में दो दिवसीय शिविर लगेंगे
इन्दौर। इंदौर (Indore) में आयोजित भाजपा (BJP) की वक्ता एवं संगठनात्मक कार्यशाला (Workshop) में चार संभाग और दो जिलों से आए करीब 456 कार्यकर्ताओं को वरिष्ठ नेताओं ने संगठन की कार्यप्रणाली और आगामी रणनीति का पाठ पढ़ाया। कार्यशाला की व्यवस्थाओं को लेकर भाजपा के वरिष्ठ नेता शिवप्रकाश संतुष्ट तो नजर आए, लेकिन उन्होंने इंदौर के भाजपा पदाधिकारियों को बेहतर प्रदर्शन की नसीहत भी दी।
भाजपा संभाग और जिलास्तर पर ऐसे वक्ताओं को तैयार कर रही है, जिसको लेकर वे अब नीचे जिले और मंडल स्तर तक कि कार्यकारिणी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को पार्टी का विकास कैसे हो और अधिक से अधिक लोगों को कैसे जोड़ा जाए, इस विषय पर ट्रेंड करेंगे। जल्द ही ये प्रशिक्षण वर्ग शुरू होने वाले हैं, जिसमें जिले में एक रात तो मंडल में दो रात रूकना होगा। यानी यह वर्ग पूरी तरह से आवासीय होंगे। इस दौरान वर्ग से बाहर जाने की मनाही रहेगी।
सीएम ने आते से ही भोजन किया
मुख्यमंत्री ओंकारेवर से उडक़र सीधे इंदौर पहुंचे। एयरपोर्ट से आते से ही उन्हें सबसे पहले भोजन कराया गया।
व्यवस्थाओं को 80 प्रतिशत अंक
शिवप्रकाश ने कहा कि इंदौर के कार्यकर्ताओं में क्षमता की कमी नहीं है, लेकिन इस बार की व्यवस्थाओं को वे केवल 80 प्रतिशत अंक ही देंगे, ताकि आगे और बेहतर काम करने की प्रेरणा मिल सके।
मनोज पटेल नदारद
मुख्यमंत्री के साथ विधायक मालिनी गौड़ पूरे समय मौजूद रहीं। यहां तक कि मुख्यमंत्री के भोजन के दौरान भी वे उनके साथ बैठी दिखाई दीं। गौरतलब है कि मंत्रिमंडल विस्तार की संभावनाओं के बीच विधायक मालिनी गौड़ का नाम विधायक रमेश मेंदोला के साथ चर्चाओं में बना हुआ है, वहीं विधायक मनोज पटेल के कार्यशाला में नहीं पहुंचने से भी राजनीतिक चर्चाओं का दौर चलता रहा।
प्रथम सत्र के बाद ही बाहर निकलने लगे थे भाजपा नेता
कल विषय वक्ता कार्यशाला में इंदौर, उज्जैन, निमाड़ और मंदसौर संभाग के साथ ही गुना और अशोकनगर जिले के भाजपा नेता शामिल हुए थे। कार्यशाला का प्रथम सत्र पूरा होते ही भाजपा नेताओं ने गेट की ओर रुख किया तो वहां पर सुरक्षा व्यवस्था देख रहे राकेश शर्मा, गौतम शर्मा और राजा कोठारी ने मुख्य द्वार को बंद कर दिया और भाजपा नेताओं से सत्र समाप्त होने के बाद ही बाहर निकलने का आग्रह किया, जिसे उन्होंने सहर्ष माना। कुछ एक ने इस बात पर नाराजगी भी जताई।
मुख्यमंत्री के आने से पहले निकल गए मंत्री विजयवर्गीय
कल कार्यशाला में शामिल होने के लिए प्रदेश के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ठीक 12.39 मिनट पर पहुंचे और लम्बे समय तक मौजूद रहे, मगर वे मुख्यमंत्री के कार्यशाला में आने के 15 मिनट पहले ही वहां से रवाना हो गए।
सुरक्षा के अभेद किले में पुलिस अधिकारियों को भी रोका गेट पर
नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा के सख्त निर्देश पर सुरक्षा व्यवस्था को अभेद किले में तब्दील करने वाले राजा कोठारी और राकेश शर्मा ने मुख्यमंत्री के आयोजन स्थल पर पहुंचने से पूर्व सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने पहुंचे पुलिस अधिकारियों को भी अन्दर नहीं जाने दिया। इस पर उन्होंने नगराध्यक्ष मिश्रा से उनकी फोन पर चर्चा कराई, तब कहीं उन्हें प्रवेश दिया गया।
मंंत्री विजयवर्गीय के लिए हुई ठंडे भोजन की व्यवस्था
कल कार्यशाला में शामिल होने पहुंचे मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने नगर अध्यक्ष के भोजन करने के आग्रह पर उन्हें बताया था कि वे शीतला सप्तमी के दिन ठंडा भोजन (एक दिन पूर्व बना) ही करते हैं। इस पर मंत्री विजयवर्गीय के लिए ठंडे खाने का प्रबंध किया गया।
ऐनवक्त पर सूचना, कई लेट
कार्यशाला कल शामिल होने के लिए इन्दौर के कई वरिष्ठ भाजपा नेताओं को सूचना देरी से मिली, जिससे उनकी भागदौड़ हो गई। कार्यशाला में राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त प्रताप करोसिया को प्रथम सत्र के 20 मिनट पहले सूचना मिली, जिस पर वे वहां लेट पहुंचे, वहीं स्वप्निल कोठारी भी सत्र प्रारंभ होने के बाद पहुंचे।
इन्दौरी नेताओं को मिला पहली पंक्ति में स्थान
इंदौर के नेताओं और जनप्रतिनिधियों को आगे की पंक्ति में स्थान मिला। मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, तुलसी सिलावट, महामंत्री गौरव रणदिवे, महापौर भार्गव, विधायक मधु वर्मा, नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा एकसाथ बैठे नजर आए तो विधायक हार्डिया अंत में बैठे थे।।
वक्ताओं में विधायक और मंत्री भी शामिल
8 विषयों पर वक्ताओं को प्रशिक्षित किया गया है। इनमें विधायक और मंत्री भी शामिल हैं। कुछ पूर्व विधायक भी वक्ताओं में शामिल किए गए हैं। कल के वर्ग में वक्ताओं के साथ-साथ 18 जिलों के संगठन और संभाग प्रभारी भी मौजूद रहे।
झलकियां
– सुबह नाश्ते से लेकर दोपहर की चाय तक कि व्यवस्था में स्थानीय टीम को भिड़ाया।
– भारत पारख और अनंत पंवार रजिस्ट्रेशन में लगीं महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं से कहते रहे 12 बजते ही काउंटर बंद कर देना।
– जब प्रदेश अध्यक्ष खंडेलवाल पहुंचे तो सबसे पहला उन्होंने पंजीयन कराया। महिला कार्यकर्ताओं में उत्सुकता थी कि खंडेलवाल उनकी टेबल पर आएंगे, ताकि वे उनके साथ फोटो ले सके, लेकिन वे पंजीयन कराकर सीधे अंदर चले गए।
– बाहर से आने वालेकई वक्ता अपने साथ अपनी पत्नी को लेकर आए थे, जो कार में एसी चालू करके बैठी रहीं।
– बाहर से आए वक्ता रजिस्ट्रेशन डेस्क पर सेल्फी लेते नजर आए। उषा ठाकुर ने वहां आते ही अंजू माखीजा के पांव छुए।
– वक्ताओं के साथ आए उनके गनमैन और ड्राइवर के लिए बैठक हॉल के बाहर नाश्ते और भोजन की व्यवस्था कर रखी थी।
– भोजन अवकाश के समय कुछ बाहरी नेता निकलने लगे तो राकेश शर्मा और राजा कोठारी ने रोक दिया।
– मीडिया के लिए आयोजनस्थल पर एंट्री नहीं थीं, लेकिन शुभारंभ सत्र में जाने दिया और वंदे मातरम गीत की प्रस्तुति के बाद उन्हें भी बाहर कर दिया गया।
– सीएम के आगमन के पहले मीडिया को पिछले दरवाजे से एंट्री दी गई, लेकिन संगठन के किसी भी बड़े नेता ने मीडिया के सामने बात नहीं की।
– खाने की व्यवस्था रानू अग्रवाल, महेश जोशी, विशाल यादव सहित 2 दर्जन कार्यकर्ताओं की टीम ने संभाल रखी थी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved