
इंदौर। इंदौर के गांधी नगर थाना क्षेत्र में देपालपुर रोड पर एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहां तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने स्कूटी सवार दो युवतियों को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में एक युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है।
दरअसल यह घटना गांधीनगर थाना क्षेत्र के देपालपुर रोड स्थित पितृ पर्वत के पास की है, जहां सलोनी नामक युवती अपनी साथी के साथ दर्शन कर लौट रही थी, इसी दौरान देपालपुर-हातोद की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे एक महिंद्रा पिकअप वाहन ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सलोनी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी साथी घायल हो गई।
बताया जा रहा है कि टक्कर मारने वाला पिकअप वाहन दूध सप्लाई के काम में इस्तेमाल होता था और चालक पास के ही गांव का निवासी है, घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें पिकअप और स्कूटी के बीच सीधी भिड़ंत साफ दिखाई दे रही है। फिलहाल पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और टक्कर मारने वाले पिकअप वाहन को जब्त कर लिया है, साथ ही आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved