
डेस्क: इंस्टाग्राम ने एआई से बनाए गए लोगों वाले प्रोफाइल को लेकर अपने नियमों में बदलाव किया है. प्लेटफॉर्म अब मौजूदा एआई क्रिएटर लेबल का नाम बदलकर एआई-जनरेटेड प्रोफाइल करने जा रहा है. ऐसे प्रोफाइल जो एआई से बने व्यक्ति को दिखाते हैं और इसकी जानकारी नहीं देते, उनकी रिकमेंडेशन पर रोक लग सकती है. यानी एआई कंटेंट पर AI लेबल नहीं लगाया तो इंस्टाग्राम कंटेंट की रीच रोक सकता है. हालांकि, प्रोफाइल पर सही एआई लेबल लगाने वाले क्रिएटर्स की रीच कम नहीं की जाएगी.
इंस्टाग्राम ने एक ब्लॉग पोस्ट में बताया कि वह मौजूदा एआई क्रिएटर लेबल को बदलकर एआई-जनरेटेड प्रोफाइल लेबल कर रहा है. प्लेटफॉर्म ने इस लेबल की टेस्टिंग इस साल की शुरुआत में शुरू की थी. जिन क्रिएटर्स ने पहले से पुराने लेबल का इस्तेमाल किया है, वे नए लेबल को देखकर इसे कन्फर्म कर सकते हैं या अगर अब यह लागू नहीं होता तो हटा सकते हैं. नया लेबल उन प्रोफाइल के लिए होगा, जिनमें एआई से बनाया गया व्यक्ति दिखाई देता है.
अगर किसी प्रोफाइल में एआई से बनाया गया व्यक्ति है और जरूरी जानकारी नहीं दी गई है, तो वह प्रोफाइल इंस्टाग्राम की रिकमेंडेशन के लिए योग्य नहीं रह सकता है. प्रभावित क्रिएटर्स को इसकी जानकारी दी जाएगी और वे अकाउंट स्टेटस में जाकर देख सकेंगे कि उनके प्रोफाइल पर रीच प्रतिबंध लगाया गया है या नहीं. अगर प्रोफाइल की रिकमेंडेशन पात्रता खत्म हो जाती है, तो क्रिएटर एआई-जनरेटेड प्रोफाइल लेबल जोड़कर इसे दोबारा रिकमेंडेशन के लिए योग्य बना सकते हैं.
इंस्टाग्राम ने साफ किया है कि एआई-जनरेटेड प्रोफाइल का सही खुलासा करने पर क्रिएटर्स को रीच पेनल्टी नहीं दी जाएगी. अगर किसी क्रिएटर को लगता है कि उसके प्रोफाइल पर गलत तरीके से प्रतिबंध लगाया गया है, तो वह अकाउंट स्टेटस के जरिए अपील भी कर सकता है. अपील स्वीकार होने पर प्रोफाइल और उसका कंटेंट फिर से रिकमेंडेशन के लिए योग्य हो जाएगा. हालांकि, केवल कंटेंट बनाने में एआई टूल्स का इस्तेमाल करने से प्रोफाइल-लेवल एआई लेबल लगाना जरूरी नहीं होगा.
इंस्टाग्राम के मुताबिक, यह बदलाव उन यूजर्स की प्रतिक्रिया के बाद किया गया है, जिन्होंने ऐसे प्रोफाइल देखे जो पहली नजर में असली लोगों के लगते थे, लेकिन बाद में पता चला कि उनमें दिखाया गया व्यक्ति एआई से बनाया गया है. प्लेटफॉर्म का कहना है कि नया लेबलिंग सिस्टम यूजर्स को यह समझने में ज्यादा मदद करेगा कि इंस्टाग्राम पर दिखाई देने वाले प्रोफाइल के पीछे असल में कौन या क्या है.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved