img-fluid

IPL 2022 : लखनऊ ने सीएसके को छह विकेट से हराया

April 01, 2022

मुम्बई। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2022 (Indian Premier League (IPL) 2022) के सातवें मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स (Lucknow Super Giants-LSG) ने चेन्नई सुपर किंग्स (Chennai Super Kings-CSK) को छह विकेट से हराकर अपनी पहली जीत दर्ज की है। CSK ने पहले खेलते हुए रॉबिन उथप्पा (50) और शिवम दूबे (49) की मदद से सात विकेट खोकर 210 रन बनाए। जवाब में क्विंटन डिकॉक (61) और एविन लुइस (55*) ने अर्धशतक लगाकर जीत दिला दी।

CSK ने उथप्पा और मोईन अली के आक्रामक अंदाज के चलते पॉवरप्ले में एक विकेट खोकर 73 रन बनाए। इसके बाद उथप्पा ने अर्धशतक लगाया और मध्यक्रम में शिवम दूबे ने 30 गेंदों में 49 रन बनाकर टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया। LSG से रवि बिश्नोई (2/24) ने प्रभावित किया। जवाब में डिकॉक और राहुल ने 99 रनों की साझेदारी करके अच्छी शुरुआत दिलाई। वहीं अंतिम ओवरों में लुइस ने अर्धशतक लगाकर आखिरी ओवर में जीत दिला दी।


उथप्पा आज रंग में नजर आए और उन्होंने अपने IPL करियर का 26वां अर्धशतक सिर्फ 25 गेंदों में पूरा किया। उन्होंने लखनऊ के तेज गेंदबाजों के खिलाफ आकर्षक शॉट लगाए। क्रीज पर जम चुके उथप्पा 27 गेंदों में आठ चौकों और एक छक्के की मदद से 50 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें रवि बिश्नोई ने एलबीडब्ल्यू आउट किया। इस बीच उन्होंने अपने IPL करियर में 4,800 रन पूरे किए हैं।

पारी की 19वें ओवर में बल्लेबाजी के लिए आए धोनी ने महज छह गेंदों में दो चौकों और एक छक्के की मदद से नाबाद 16 रन बनाए और इस बीच अपने टी-20 करियर के 7,000 रन पूरे किए। वह खेल के सबसे छोटे प्रारूप में इस आंकड़े तक पहुंचने वाले छठे भारतीय बने हैं। बता दें उनसे पहले विराट कोहली, रोहित शर्मा, शिखर धवन, सुरेश रैना और रॉबिन उथप्पा ये कारनामा कर चुके हैं।

लखनऊ के लिए पारी की शुरुआत करने आए क्विंटन डिकॉक अच्छी लय में नजर आए और उन्होंने अपने IPL करियर का 17वां अर्धशतक लगाया। यह उनका LSG की ओर से पहला अर्धशतक है। डिकॉक ने 45 गेंदों में 61 रन बनाए और पारी के 15वें ओवर में ड्वेन प्रिटोरियस का शिकार बने। उन्होंने अपनी अर्धशतकीय पारी में नौ चौके भी लगाए। वहीं एविन लुईस ने 23 गेंदों में छह चौकों और तीन छक्कों की मदद से नाबाद 55 रन बनाए।

ड्वेन ब्रावो ने अपने चार ओवरों में 35 रन देकर दीपक हूडा का विकेट लिया। वह IPL में सर्वाधिक विकेट (171) लेने वाले गेंदबाज हो गए हैं। उन्होंने लसिथ मलिंगा (170) को पीछे छोड़ा है।

केएल राहुल ने 26 गेंदों में दो चौकों और तीन छक्कों की मदद से 40 रन बनाए। इस बीच उन्होंने अपने 500 चौके भी पूरे कर लिए हैं। राहुल और डिकॉक के बीच पहले विकेट के लिए 99 रनों की बड़ी साझेदारी हुई। फिलहाल यह मौजूदा सीजन की सबसे बड़ी पहले विकेट की साझेदारी बन गई है। लुइस ने 23 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। यह फिलहाल IPL 2022 में सबसे तेज अर्धशतक बना है।

Share:

  • अप्रैल में 15 दिन बंद रहेंगे बैंक

    Fri Apr 1 , 2022
    नई दिल्ली। पहली अप्रैल, 2022 से नए वित्त वर्ष 2022-23 की शुरुआत (Beginning of new financial year 2022-23) होगी। अप्रैल में गुड़ी पड़वा, अंबेडकर जयंती और बैशाखी जैसे प्रमुख त्योहार हैं। अप्रैल में 15 दिन बैंकों में अवकाश (15 days bank holiday) रहेगा। इन छुट्टियों में महीने के दूसरे और चौथे शनिवार के साथ साप्ताहिक […]
    सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2025 Agnibaan , All Rights Reserved