
लखनऊ. इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में बुधवार (1 अप्रैल) को खेले गए मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) को दिल्ली कैपिटल्स (DC) के हाथों 6 विकेट से हार का सामना करना पड़ा. लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकट स्टेडियम में आयोजित इस मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स ने दिल्ली कैपिटल्स को जीत के लिए 142 रनों का टारगेट दिया था, जो नाकाफी साबित हुआ.
दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत बेहद खराब रही. टीम ने सिर्फ 26 रनों के स्कोर तक 4 विकेट गंवा दिए थे और ऐसा लग रहा था कि मुकाबला एकतरफा हो जाएगा. लेकिन यहीं से समीर रिजवी और ट्रिस्टन स्टब्स ने कमाल कर दिया. दोनों बल्लेबाजों ने पहले पारी को संभाला और फिर लखनऊ के गेंदबाजों पर पलटवार करते हुए 119* रनों की मैच जिताऊ साझेदारी कर डाली.
‘इम्पैक्ट सब’ समीर रिजवी ने 47 गेंदों पर नाबाद 70 रन बनाए, जबकि ट्रिस्टन स्टब्स ने 32 गेंदों पर नाबाद 39 रनों की अहम पारी खेली. दिल्ली ने इन दोनों के दम पर लक्ष्य को 17.1 ओवर्स में हासिल कर लिया.
लखनऊ की हार के बाद मैदान पर दिखा ‘टेंशन’
मैच खत्म होने के बाद लखनऊ सुपर जायंट्स के मालिक संजीव गोयनका, कप्तान ऋषभ पंत और कोच जस्टिन लैंगर को मैदान पर गहन चर्चा करते देखा गया. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में गोयनका दोनों से कुछ कहते नजर आए, जबकि ऋषभ पंत भी अपनी बात रखते दिखे. इस बातचीत ने फैन्स के बीच कई तरह की अटकलों को जन्म दे दिया है. क्या यह रणनीति को लेकर चर्चा थी या फिर हार पर नाराजगी, ये अनुमान लगाना मुश्किल है.
Sanjiv Goenka and Rishabh pant 😭 pic.twitter.com/0RzMSkp0vE
— Faiyaz (@FaiyazWhat) April 1, 2026
गेंदबाजी में लखनऊ सुपर जायंट्स की शुरुआत शानदार रही थी. मोहम्मद शमी ने लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए अपने डेब्यू मैच में पहली ही गेंद पर केएल राहुल को गोल्डन डक पर आउट कर दिया. इसके बाद मोहसिन खान और प्रिंस यादव ने भी विकेट्स लेकर दिल्ली को बैकफुट पर धकेल दिया, लेकिन इसके बाद लखनऊ सुपर जायंट्स के गेंदबाज मैच पर पकड़ बनाए नहीं रख सके और यही उसकी हार की सबसे बड़ी वजह बनी.
26/4 से मैच जीतना दिल्ली कैपिटल्स के लिए बड़ा मोमेंट रहा, वहीं लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए यह हार कई सवाल छोड़ गई. दिल्ली कैपिटल्स अपने दूसरे मुकाबले में 4 अप्रैल को मुंबई इंडियंस (MI) का सामना करेगी. वहीं लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) 5 अप्रैल को सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) से भिड़ेगी.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved