
रामेश्वर धाकड़
भोपाल। प्रदेश के मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस आज तीन साल का कार्यकाल पूरा कर रहे हैं। इसके साथ ही वे प्रदेश में लंबे समय तक मुख्य सचिव रहने वाले छठवें अफसर बन गए हैं। बैंस 24 मार्च 2020 को प्रदेश के 33 वें मुख्य सचिव बने थे। वे नवंबर 2022 में रिटायर्ड होने वाले थे, लेकिन सरकार ने उन्हें छह महीने का एक्सटेंशन दे दिया। ऐसे में मई 2023 कार्यकाल पूरा करेंगे। इससे पहले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी 23 मार्च को अपने चौथे कार्यकाल के तीन साल पूरे कर चुके हैं।
प्रदेश के गठन 1 नवंबर 1956 से लेकर अभी तक 33 मुख्य सचिव बने हैं। इनमें से सिर्फ 6 अफसर 3 साल या उससे अधिक समय तक मुख्य सचिव रहे हैं। इनमें राज्य के पहले मुख्य सचिव एचएस कामथ, दूसरे सीएस आरपी नरोन्हा, 21 वें केएस शर्मा, 26 वें राकेश साहनी, 29 वे एंटोनी डिसा और 33 वें इकबाल सिंह बैंस शामिल हैं। खास बात यह है कि इनमें से तीन मुख्य सचिव राकेश साहनी, एंटोनी डिसा और इकबाल सिंह बैंस ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ काम किया है। बैंस एक्सटेंशन के रूप में 6 महीने का कार्यकाल 31 मई को पूरा कर रहे हैं। हालांकि उन्हें 6 महीने का दूसरा एक्सटेंशन मिलने की पूरी संभावना है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved