
डेस्क: ईरान ने इजराइल पर अब तक का सबसे बड़ा मिसाइल हमला करते हुए 500 से ज्यादा मिसाइलें दाग दी हैं. ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के अनुसार सिर्फ 24 मार्च की रात को ही 220 मिसाइलें एक साथ दागी गईं, जिसे अब तक का सबसे बड़ा एकल मिसाइल बारेज माना जा रहा है. हर घंटे औसतन ईरान ने इजराइल पर 10 मिसाइल हमले किए.
इस हमले में इजराइल के कई शहरों को एक साथ निशाना बनाया गया. हमले के मुख्य केंद्र तेल-अवीव था. यह हमला ऐसे वक्त में हुआ है, जब ईरान और अमेरिका के बीच सीजफायर को लेकर बातचीत हो रही है. इजराइल के तरफ से भी जवाबी कार्रवाई की गई है. इजराइल ने रूस-ईरान सप्लाई मार्ग को ठप कर दिया है.
ईरान के हमले में इजराइल के प्रमुख शहरों को निशाना बनाया गया, जिनमें तेल अवीव, हाइफ़ा, बनी ब्राक और सेंट्रल इजराइल के कई अन्य इलाके शामिल हैं. हमले में कई इमारतें क्षतिग्रस्त हो गईं और कुछ जगहों पर इमारतें ढहने की भी जानकारी है. तेल अवीव में एक सड़क पर मिसाइल गिरने से आसपास की इमारतों के शीशे टूट गए और आग लग गई. घायलों की संख्या अलग-अलग रिपोर्ट्स में 15 से 200 के बीच बताई जा रही है.
इजराइल डिफेंस फोर्सेस के मुताबिक इजराइल के मल्टी-लेयर एयर डिफेंस सिस्टम ने करीब 70% मिसाइलों को हवा में ही नष्ट कर दिया. इनमें शामिल हैं: -आयरन डोम -एरो सिस्टम -डेविड्स स्लिंग हालांकि, बाकी 30% मिसाइलें अपने लक्ष्य तक पहुंच गईं, जिससे भारी नुकसान हुआ. कई मिसाइलों में क्लस्टर वॉरहेड लगे थे, जो हवा में फटकर छोटे-छोटे बमों में बंट जाते हैं. इससे शहरी इलाकों में ज्यादा तबाही हुई और बचाव कार्य भी मुश्किल हो गया.
ईरान ने दावा किया है कि उसने इस हमले में अपनी नई पीढ़ी की मिसाइलों का इस्तेमाल किया, जिनमें शामिल हैं- फतह-2, सेज्जिल, इमाद और खोर्रमशहर-4. ईरान का कहना है कि ये मिसाइलें तेज रफ्तार और दिशा बदलने की क्षमता के कारण एयर डिफेंस सिस्टम को चकमा दे सकती हैं. साथ ही ईरान जानबूझकर बड़े पैमाने पर मिसाइल हमले कर रहा है ताकि इजराइल की डिफेंस सिस्टम को थकाया जा सके. हाइपरसोनिक मिसाइलों का इस्तेमाल युद्ध को नया मोड़ दे रहा है.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved