
डेस्क: ईरान में सरकार के खिलाफ हाल ही में हुए प्रदर्शनों के दौरान खुद को ईरान का क्राउन प्रिंस कहने वाले रजा पहलवी ने बार-बार ईरान में सत्ता परिवर्तन का आह्वान किया है. रजा पहलवी आए दिन अपने बयानों में सुप्रीम लीडर के खिलाफ ईरान से हजारों किलोमीटर दूर बैठ कर हमला बोलते रहते हैं. अब उनकी बेटी भी इस मुहिम में शामिल हो गई है.
रजा पहलवी की बेटी नूर ने कहा कि उनका दिल टूट जाता है जब वह ईरान में अपने लोगों को तकलीफ में देखती हैं. उन्होंने कहा कि एक ऐसी जमीन जहां उन्होंने कभी कदम नहीं रखा, फिर भी यह हमेशा उनके खून में है. देश से निकाली गई नूर ने द कैलिफ़ोर्निया पोस्ट के साथ एक बड़े इंटरव्यू में बताया कि 47 साल पहले उनके दादा, ईरान के शाह को हटाने वाली उसी क्रूर सरकार ने प्रदर्शनकारियों, माता-पिता और यहां तक कि बच्चों पर क्या-क्या जुल्म ढाए थे.
नूर पहलवी ने कहा कि बच्चों को सड़क पर गोली मारी गई, सरकार के खिलाफ प्रदर्शनकारियों का इलाज करने वाले डॉक्टरों पर ज़ुल्म किए गए और कई ईरानी लोगों को चुपके से पूछताछ के लिए किडनैप किया गया, जो अक्सर कभी वापस नहीं आए. उन्होंने कहा, “सोचिए अगर यह आपके और आपके देश के साथ हो रहा होता. यह सरकार के हाथों हो रहा है, उस सरकार के हाथों जो उनकी रक्षा करने के लिए बनी है.”
नूर ने आरोप लगाया कि यह सचमुच एक ऐसी सरकार है जो अपने ही नागरिकों पर जंग छेड़ रही है. यह देखना, इसके बारे में सुनना बहुत दर्दनाक है. और यहां के लोगों के लिए इसे देखना और सुनना मुश्किल है. लेकिन यह हमारी जिम्मेदारी है कि हम नज़रें न फेरें.
ईरान के साथ-साथ दुनिया भर में खामेनेई शासन के खिलाफ हो रहे प्रदर्शनों के बीच नूर पहलवी ने फिर से ईरान में सत्ता बदलने के अपने सपने को दोहराया है. बता दें हाल ही में लॉस एंजिल्स में उनके घर के बाहर एक बड़ी ईरान सरकार विरोधी रैली निकाली गई थी. ये विरोध प्रदर्शन प्रेसिडेंट ट्रंप के ईरान के खिलाफ नए सिरे से हमले के साथ-साथ चल रहे हैं. उन्होंने मिलिट्री हमले पर विचार करते हुए मिडिल ईस्ट में दो एयरक्राफ्ट कैरियर भेजे हैं और तेहरान को 10 दिन का अल्टीमेटम दिया है.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved