
मुंबई। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई को बीते महीने ही नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट (Navi Mumbai International Airport) के रूप में एक बड़ा हवाई तोहफा (Air Gift) मिला है। हालांकि, अभी तक यहां से कोई भी उड़ान सेवा शुरु नहीं हुई है। लेकिन आम यात्रियों (Common Travelers) को जिसका बेसब्री से इंतजार है, वो जल्द पूरा होगा। 25 दिसंबर से नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट आम यात्रियों के लिए खुलने जा रहा है। क्रिसमस के दिन से शुरू होने वाला यह नया सफर न सिर्फ मुंबई महानगर क्षेत्र की हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत करेगा, बल्कि एयरलाइंस के लिए भी नए ऑपरेशन हब का रास्ता खोलेगा। इस दिन से देश की दो प्रमुख एयरलाइंस इंडिगो और अकासा एयर यहां से उड़ान सेवाएं शुरू करेंगी।
अकासा एयर 25 दिसंबर से नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट से अपने ऑपरेशन चरणबद्ध तरीके से शुरू करेगी। पहली फ्लाइट दिल्ली और नवी मुंबई के बीच उड़ान भरेगी। इसके बाद कुछ ही दिनों में एयरलाइन गोवा, कोच्चि और अहमदाबाद के लिए सेवाएं शुरू करेगी। एयरलाइन ने बताया कि वह आने वाले समय में नवी मुंबई एयरपोर्ट से 300 घरेलू और 50 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें प्रति सप्ताह तक बढ़ाएगी। साथ ही, FY2027 तक 10 बेस स्थापित करने की योजना है, जिसमें मध्य पूर्व और दक्षिण-पूर्व एशिया के लिए अंतरराष्ट्रीय विस्तार भी शामिल है। Akasa Air के को-फाउंडर और CCO प्रवीन अय्यर ने कहा कि नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पश्चिमी भारत में एयरलाइन की उपस्थिति को और मजबूत करेगा तथा नए यात्रियों और नई रूट डिमांड को आकर्षित करने में मदद करेगा।
इसी दिन इंडिगो भी नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट से अपनी सेवाओं की शुरुआत करेगी। एयरलाइन ने घोषणा की कि वह नवी मुंबई को एक ही साथ 10 शहरों से जोड़ेगी। इनमें दिल्ली, बेंगलुरु, हैदराबाद, अहमदाबाद, लखनऊ, नागपुर, जयपुर, कोच्चि, मंगलुरु और नॉर्थ गोवा (मोपा) शामिल हैं। इंडिगो ने कहा कि नवी मुंबई एयरपोर्ट, पुराने मुंबई एयरपोर्ट के काम को बांटते हुए, पश्चिम भारत में बढ़ती हवाई यात्रा की जरूरतों को पूरा करने में मदद करेगा।
नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट का पहला चरण 8 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उद्घाटन किया था। 1160 हेक्टेयर में फैले इस आधुनिक हवाईअड्डे का पहला फेज 19,650 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हुआ है। इसमें एक टर्मिनल और एक रनवे शामिल है, जिसकी सालाना क्षमता 2 करोड़ यात्रियों की है।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved