
नई दिल्ली। एशिया कप 2025 से पहले, पूर्व भारतीय क्रिकेटर आकाश चोपड़ा (Aakash Chopra) से पूछा गया कि क्या पूर्व तेज गेंदबाज (Fast Bowler) शोएब अख्तर (Shoaib Akhtar) को अतीत में सामना करना ज्यादा मुश्किल था या वर्तमान के भारतीय पेसर जसप्रीत बुमराह (Jasprit Bumrah) को। चोपड़ा ने इस सवाल का स्पष्ट और हैरान कर देने वाला जवाब दिया, जिससे सभी चौंक गए।
चोपड़ा ने एक यूट्यूब चैनल से कहा ‘मुझे लगता है बुमराह’। बुमराह के आंकड़ों की बात करें तो उन्होंने अब तक 48 टेस्ट मैचों में 219 विकेट, 89 वनडे मैचों में 149 विकेट, और 70 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में 89 विकेट लिए हैं, जिससे उनकी क्षमता का पता लगता है। वहीं, शोएब अख्तर ने 46 टेस्ट में 178 विकेट, 163 वनडे में 247 विकेट और 15 टी20 अंतरराष्ट्रीय में 19 विकेट लिए थे। अख्तर अपने समय के सबसे तेज गेंदबाजों में से एक रहे हैं। उनके नाम क्रिकेट की सबसे तेज गेंद फेंकने का रिकॉर्ड है।
इंंटरव्यू में चोपड़ा से एक और सवाल पूछा गया- ऐसा कौन सा बल्लेबाज है जिसे देखने के लिए वह खुद पैसे खर्च कर सकते हैं? इस पर उन्होंने भारतीय स्टार बल्लेबाज विराट कोहली का नाम लिया। उन्होंने बताया कि कोहली ने भले ही टी20 अंतरराष्ट्रीय और टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया है, और अब वह केवल अपने सबसे पसंदीदा वनडे क्रिकेट में सक्रिय हैं, लेकिन फिर भी वह उन्हें देखने के लिए पैसे खर्च करेंगे।
चोपड़ा ने एशिया कप टी20 से पहले टीम इंडिया के लिए एक और अहम अनुमान भी लगाया। उन्होंने कहा कि आगामी एशिया कप में जितेश शर्मा को प्लेइंग-11 में शामिल किया जा सकता है। चोपड़ा ने जितेश के आईपीएल 2025 में शानदार प्रदर्शन का हवाला देते हुए कहा कि उनके नंबर और स्ट्राइक रेट में बहुत सुधार आया है, जो नंबर चार से सात तक बल्लेबाजी क्रम में उन्हें सबसे ऊंचा दर्जा देते हैं।

©2026 Agnibaan , All Rights Reserved