
बंगलूरू। कर्नाटक के विजयपुरा जिले के बालेश्वर तालुक के मंगलुरु गांव में रविवार दोपहर एक प्राइवेट मिनी विमान खुले मैदान में क्रैश हो गया। हादसे में पायलट समेत दोनों यात्री बाल-बाल बच गए। पुलिस सूत्रों के अनुसार, रेड बर्ड कंपनी का यह दो-सीटर ट्रेनिंग विमान था। क्रैश से ठीक पहले दोनों यात्री विमान से बाहर निकलने में सफल रहे। टक्कर के बाद विमान तीन हिस्सों में टूट गया। हादसे में दोनों को चोटें आई हैं, जिन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, यह ट्रेनिंग विमान कलबुर्गी से बेलगावी की ओर जा रहा था। हालांकि, दुर्घटना के कारणों को लेकर विस्तृत जानकारी का इंतजार है। पुलिस और संबंधित एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय के अनुसार, रेडबर्ड फ्लाइंग ट्रेनिंग एकेडमी लिमिटेड का सेसना 172 विमान (रजिस्ट्रेशन VT-EUC, MSN-17265717) ने बेलगावी हवाई अड्डे से करीब 100 किलोमीटर पूर्व, बागलकोट के पास एक खेत में आपातकालीन लैंडिंग की।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved