
इंदौर। शहर में एक बार फिर ठंड की वापसी हो गई है। कश्मीर की ओर से आ रही हवाओं के कारण दिन और रात के तापमान में गिरावट हुई है। कल दिनभर आसमान पर बादल छाए रहने से धूप गायब रही, जिससे दिन में भी ठंडक का अहसास हुआ, वहीं शाम होते ही हवाएं और ठंडी हो गई। आज सुबह से भी आसमान पर बादलों का कब्जा बरकरार है। मौसम विभाग ने आज तापमान में और कमी की संभावना जताई है।
विमानतल स्थित मौसम केंद्र के मुताबिक कल दिन का अधिकतम तापमान 26.1 डिग्री रहा, जो सामान्य से 2 डिग्री और परसो की अपेक्षा 2.7 डिग्री कम था। वहीं रात का न्यूनतम तापमान 12.1 डिग्री रहा, जो सामान्य से 1 डिग्री ज्यादा, लेकिन परसो रात की अपेक्षा 2.5 डिग्री कम था। इस दौरान उत्तरी औऱ् उत्तर-पूर्वी हवाएं चलीं, जिनकी अधिकतम गति 15 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंची। मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि उत्तर भारत में हो रही बर्फबारी और उसी ओर से आ रही हवाओं के कारण ठंड का असर बढ़ा है। आज तापमान में और गिरावट आ सकती है और रात का पारा 11 डिग्री तक जा सकता है। वहीं कल से तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होना शुरू होगी। लेकिन अगले कुछ दिन ठंड का असर बना रहेगा।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved