
इन्दौर। उत्तर भारत में हुई बर्फबारी का असर इंदौर में भी नजर आ रहा है। कश्मीर की ओर से आ रही हवाओं के कारण इंदौर में रात के तापमान में अचानक गिरावट आई है और पारा पहली बार इस सीजन के सबसे कम स्तर पर पहुंचा है। पूर्वी शहर में जहां रात का न्यूनतम तापमान लुढक़कर 14 डिग्री तक पहुंचा, वहीं पश्चिमी शहर में पारा 16.8 डिग्री रिकार्ड किया गया।
मौसम विभाग के मुताबिक इस समय इंदौर में उत्तरी और उत्तर-पूर्वी हवाएं आ रही हैं। इसके कारण उत्तर भारत में हुई बर्फबारी से ठंडी हवाएं इंदौर का रुख कर रही हैं, जिससे तापमान में गिरावट आई है। पश्चिम में विमानतल स्थित मौसम केंद्र के मुताबिक कल दिन का अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री रहा, जो सामान्य से 2 डिग्री कम था, वहीं रात का न्यूनतम तापमान 16.8 डिग्री रहा, जो सामान्य से 1 डिग्री ज्यादा था। पूर्व में कृषि महाविद्यालय स्थित मौसम केंद्र पर अधिकतम तापमान 29 डिग्री और रात का न्यूनतम तापमान 14 डिग्री तक पहुंचा। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक अगले एक-दो दिन तापमान इसी स्तर पर या थोड़ा ऊपर रह सकता है। इसके बाद तापमान में और बढ़ोतरी के आसार हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved