
इंदौर। खुद के अपहरण की झूठी साजिश रचने वाली छात्रा और उसके दोस्त को आज सुबह कोर्ट पुलिस अपने साथ ले गई है। छात्रा को इंदौर क्राइम ब्रांच ने देवगुराडिय़ा से बरामद किया था। कुछ दिन पहले कोटा की छात्रा काव्या धाकड़ के अपहरण का मामला सामने आया था। कोटा पुलिस ने केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की थी। जांच में पता चला था कि वह कोटा नहीं इंदौर में ही रह रही थी। इस पर कोटा पुलिस यहां आई और होस्टलों में उसकी तलाश की। इस दौरान उसके एक दोस्त को पकड़ा गया तो साजिश का खुलासा हुआ। पता चला कि उसने विदेश जाने के लिए खुद के अपहरण की साजिश रची थी।
उसकी आखिरी लोकेशन भी इंदौर मिली थी, लेकिन पुलिस को नहीं मिली। कल रात क्राइम ब्रांच ने देवगुराडिय़ा से काव्या और उसके दोस्त हर्षित यादव को पकड़ा था। ये लोग यहां किराए का कमरा लेकर रह रहे थे। दोनों ने पुलिस को बताया कि साजिश का भंडाफोड़ होने के बाद वे अमृतसर चले गए थे और फिर कुछ दिन पहले ही इंदौर में आकर रह रहे थे। डीसीपी क्राइम हंसराजसिंह ने बताया कि आज सुबह कोटा पुलिस की टीम इंदौर पहुंची थी। दोनों को कोटा पुलिस को सौंप दिया गया है। टीम उनको लेकर रवाना हो गई।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved