
इंदौर। शहर में कल से शुरू हुई शराब दुकानों की नीलामी में पहले ही दिन आबकारी विभाग को ज्यादातर दुकानों के लिए जबरदस्त रिस्पांस देखने को मिला है। पिछले साल 377 करोड़ में बिकी 11 समूहों की 37 दुकानें इस बार 498 करोड़ पर बिकी है, यानी पिछले साल की तुलना में 121 करोड़ रुपए अतिरिक्त मिले हैं। विभाग द्वारा आज से दूसरी बैच की दुकानों की नीलामी भी शुरू की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार द्वारा बनाई गई नई आबकारी नीति के तहत इस बार वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए प्रदेश की सभी शराब दुकानों की कीमत को 20त्न बढ़ाया गया है। इसके तहत 2 मार्च से इंदौर जिले की 173 शराब दुकानों को 56 समूहों में बांटकर अलग अलग बैच में इनकी नीलामी की जा रही है। सहायक आबकारी आयुक्त अभिषेक तिवारी ने बताया कि पहली बैच में 19 समूहों की 58 दुकानों के लिए 27 फरवरी से टेंडर बुलाए गए थे। कल सुबह इन्हें खोला गया। इसमें 11 समूहों के लिए व्यापारियों ने टेंडर डाले थे। इसके बाद इनकी नीलामी की प्रक्रिया शुरू की गई।
व्यापारियों को ऑनलाइन बोली लगाने की छूट दी गई थी। यह प्रक्रिया आज सुबह 10 बजे तक जारी रही। इसमें 11 समूहों की 37 दुकानों के लिए 498 करोड़ की उच्चतम बोली मिली है। इनका न्यूनतम आरक्षित मूल्य 452 करोड़ रखा गया था। इस तरह तय आरक्षित मूल्य से 46 करोड़ रुपए अधिक की राशि विभाग को मिली है। वहीं पिछले साल से तुलना करें तो ये दुकानें 377 करोड़ में नीलाम हुई थी, जिसकी तुलना में 121 करोड़ ज्यादा की राशि मिली है। वहीं जिन 8 समूहों के लिए टेंडर नहीं मिले हैं, उन्हें जल्द दोबारा नीलामी में फिर जारी किया जाएगा।
आज से दूसरी बैच की नीलामी होगी शुरू
आबकारी विभाग के डिप्टी कंट्रोलर मनोज अग्रवाल ने बताया कि विभाग द्वारा आज से बैच 2 के तहत 19 समूहों की 60 दुकानों की नीलामी की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। जिनका आरक्षित मूल्य 654 करोड़ है। 5 मार्च तक इच्छुक व्यापारी टेंडर जमा कर सकते है। 5 मार्च को इन्हें खोलते हुए नीलामी में बोली शुरू की जाएगी और सबसे ऊंची बोली लगाने वाले व्यापारियों को दुकानें आबंटित की जाएंगी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved