
नई दिल्ली। कृषि कानूनों के खिलाफ राष्ट्रपति भवन तक मार्च निकाल रहीं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। प्रियंका गांधी के अलावा कुछ अन्य नेताओं को भी हिरासत में लिया गया है।
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने आज राष्ट्रपति भवन तक मार्च निकालने का ऐलान किया था, लेकिन पुलिस ने केवल 3 लोगों को ही अनुमति दी थी। इसके बाद दिल्ली के विजय चौक पर जमा हुए कांग्रेस नेता और प्रियंका गाधी जब राष्ट्रपति भवन की ओर बढ़े तो पुलिस ने इन्हें हिरासत में ले लिया।
हिरासत में लिए जाने के बाद प्रियंका गांधी ने कहा, ‘हम एक लोकतंत्र में रहते हैं और ये लोग जनता द्वारा चुने हुए सांसद हैं। इन सांसदों को राष्ट्रपति से मिलने का अधिकार है और इन्हें इसकी इजाजत मिलनी चाहिए। इसमें सरकार को क्या समस्या है? सरकार उन किसानों की बात तक सुनने के लिए तैयार नहीं है, जो लाखों की संख्या में दिल्ली की सीमाओं पर कृषि कानूनों के खिलाफ इतने दिनों से प्रदर्शन कर रहे हैं।’
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved