
नई दिल्ली. संसद (Parliament) का शीतकालीन सत्र (Winter Session) जारी है. संसद के लिए अगले दो दिन काफी अहम होने वाले हैं. क्योंकि 13 और 14 दिसंबर को संविधान पर चर्चा होनी है. दोपहर 12 बजे से संविधान पर चर्चा शुरू होगी. इसकी शुरुआत रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह (Rajnath Singh) करेंगे. कांग्रेस की ओर से प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi ) पहली वक्ता होंगी. लोकसभा में उनका ये पहला भाषण होगा. संसद से जुड़ी पल-पल की अपडेट जानने के लिए बने रहें aajtak.in के साथ.
जबरदस्त हंगामे के आसार
संसद अब तक हंगामे की भेंट ही चढ़ा है. अडानी और सोरोस के मुद्दे पर जमकर हंगामा हो रहा है. ऐसे में संविधान पर बहस के दौरान भी हंगामा होने के आसार हैं. सत्ता पक्ष और विपक्ष एक-दूसरे पर तीखे हमले कर सकते हैं. बताया जा रहा है कि एनडीए आपातकाल और मुस्लिमों को आरक्षण के मसले पर कांग्रेस को घेरने की तैयारी कर रहा है.
कांग्रेस की तरफ से कौन-कौन बोलेगा?
लोकसभा में कांग्रेस के 5-6 सांसद भाषण देंगे. कांग्रेस को कुल 2 घंटे 20 मिनट का समय मिला है. इसमें ज्यादातर समय प्रियंका गांधी और राहुल गांधी को दिया जाएगा. वायनाड से सांसद प्रियंका का यह संसद में पहला भाषण होगा.
बताया जा रहा है कि टीएमसी से कल्याण बनर्जी और महुआ मोइत्रा, एलजेपी से शांभवी चौधरी, डीएमके से टीआर बालू और ए राजा इस डिबेट में शामिल होंगे.
एनडीए की तरफ से कौन-कौन बोलेगा?
सूत्रों ने बताया कि राजनाथ सिंह इस बहस की शुरुआत करेंगे. एचडी कुमारस्वामी, श्रीकांत शिंदे, शांभवी चौधरी, राजकुमार सांगवान, जीतन राम मांझी, अनुप्रिया पटेल और राजीव रंजन सिंह जैसे एनडीए नेता बोलेंगे.
बताया जा रहा है कि एनडीए आपातकाल, विपक्ष की ओर से फैलाए जा रहे फेक नैरेटिव, कई संवैधानिक संशोधन जैसे मुद्दों को उठा सकता है. बीजेपी के करीब 12-15 सांसद इस बहस में शामिल होंगे. प्रधानमंत्री मोदी 14 दिसंबर को इस पर जवाब देंगे.
संविधान पर चर्चा क्यों?
संविधान की 75वीं सालगिरह पर ये चर्चा हो रही है. संसद के दोनों सदनों में दो-दो दिन संविधान पर बहस होगी. लोकसभा में 13-14 दिसंबर तो राज्यसभा में 16-17 दिसंबर को चर्चा होगी. लोकसभा में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह तो राज्यसभा में गृह मंत्री अमित शाह चर्चा की शुरुआत करेंगे.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved