
नई दिल्ली। संसद (Parliament) के बजट सत्र (Budget Session) का दूसरा चरण सोमवार 9 मार्च से शुरू होने जा रहा है। सत्र के दूसरे चरण के पहले ही दिन लोकसभा (Lok Sabha) में स्पीकर ओम बिरला (Speaker Om Birla) को पद से हटाने का प्रस्ताव पेश किया जाएगा। इस प्रस्ताव का नोटिस कांग्रेस के सांसद डॉ. मोहम्मद जावेद, के. सुरेश और डॉ. मल्लू रवि ने दिया है।
स्पीकर के व्यवहार पर उठाए गए सवाल
कांग्रेस सांसदों की ओर से दिए गए नोटिस में आरोप लगाया गया है कि स्पीकर ने विपक्ष की महिला सांसदों के खिलाफ लगाए गए आपत्तिजनक आरोपों के मामले में उचित कार्रवाई नहीं की। साथ ही यह भी कहा गया है कि कुछ विपक्षी सांसदों को पूरे सत्र के लिए निलंबित करने का फैसला भी पक्षपातपूर्ण था।
नोटिस में यह भी आरोप लगाया गया है कि सदन में सत्ता पक्ष के सांसदों के आपत्तिजनक व्यवहार पर स्पीकर द्वारा कड़ी आपत्ति नहीं जताई जाती, जबकि विपक्षी सदस्यों के साथ सख्ती दिखाई जाती है। विपक्ष ने विवादित मुद्दों पर भी स्पीकर पर सत्ता पक्ष का साथ देने का आरोप लगाया है।
पहले दिन के एजेंडे में यही मुख्य प्रस्ताव
9 मार्च की लोकसभा कार्यवाही के एजेंडे में नियमित कार्यों के अलावा मुख्य रूप से इसी प्रस्ताव का उल्लेख किया गया है। पहले दिन सरकार की ओर से कोई विधायी कार्य सूचीबद्ध नहीं है।
दिवंगत सांसद को दी जाएगी श्रद्धांजलि
लोकसभा के वर्तमान सदस्य डॉ. रिकी एंड्रू जे. सिंगकोन का हाल ही में निधन हो गया था। सत्र के पहले दिन सदन में उन्हें श्रद्धांजलि भी दी जाएगी।
पहले चरण में रहा था भारी हंगामा
बजट सत्र का पहला चरण काफी हंगामेदार रहा था। लगातार शोर-शराबे के कारण सदन की कार्यवाही कई दिनों तक प्रभावित हुई थी। अमर्यादित व्यवहार के आरोप में स्पीकर ने कुछ विपक्षी सांसदों को शेष सत्र के लिए निलंबित भी कर दिया था।
दोनों दलों ने जारी किया तीन लाइन का व्हिप
स्पीकर को पद से हटाने के प्रस्ताव को देखते हुए सत्ता पक्ष की अगुवाई कर रही भारतीय जनता पार्टी और विपक्षी कांग्रेस, दोनों ने अपने-अपने सांसदों को तीन लाइन का व्हिप जारी किया है। इसमें सभी सदस्यों से 9 मार्च को सदन में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने को कहा गया है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved