
नई दिल्ली: अमृतसर स्थित गुरुद्वारा शहीदां साहिब में कार सेवा के दौरान बड़ा हादसा हो गया. शटरिंग की एक भारी लोहे की प्लेट अचानक नीचे गिर गई, जिससे वहां मौजूद संगतों में अफरा-तफरी मच गई. हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि आठ के करीब महिलाएं घायल हो गईं. घटना के बाद गुरुद्वारा परिसर में चीख-पुकार और हड़कंप का माहौल बन गया.
एडीसीपी विशालजीत सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि गुरुद्वारा साहिब में चौपहिरा के दौरान संगत जाप कर रही थी. इसी दौरान शटरिंग की लगाई गई एक प्लेट अचानक गिर गई, जिससे नीचे बैठी महिलाएं उसकी चपेट में आ गईं. घटना के तुरंत बाद पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत कार्य शुरू किया गया. घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया. सभी घायल महिलाओं को पहले सिविल अस्पताल और फिर अन्य अस्पतालों में भर्ती करवाया गया, जहां उनका इलाज जारी है. पुलिस के अनुसार दो महिलाओं की मौत हो चुकी है, जबकि दो से तीन महिलाओं की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है.
लापरवाही के एंगल से होगी जांच
पुलिस अधिकारी ने बताया कि हादसे के समय सभी महिलाएं धार्मिक सेवा और जाप में शामिल थीं. प्लेट गिरते ही गुरुद्वारा परिसर में अफरा-तफरी मच गई. मौके पर मौजूद संगत और प्रशासनिक टीमों की मदद से घायलों को मलबे और भीड़ के बीच से बाहर निकाला गया.
हादसे के बाद पुलिस और प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है. एडीसीपी विशालजीत सिंह ने कहा कि यह पता लगाया जाएगा कि हादसा किन कारणों से हुआ और क्या इसमें किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है. उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी. इस दुखद हादसे के बाद संगत और इलाके के लोगों में गहरा दुख देखा जा रहा है. लोग मृतक महिलाओं के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त कर रहे हैं और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved