
कोलकाता. पश्चिम बंगाल (West Bengal) में कथित रंगदारी रैकेट (Extortion Racket) की जांच को लेकर प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बुधवार सुबह बड़े पैमाने पर छापेमारी की है. सूत्रों के मुताबिक, यह कार्रवाई कथित तौर पर ‘सोना पप्पू’ (Sona Pappu) नाम से जुड़े उगाही नेटवर्क और कोलकाता पुलिस के पूर्व डीसीपी शांतनु सिन्हा बिस्वास से संबंधित जांच के तहत की जा रही है.
जानकारी के अनुसार, ED की टीमों ने सुबह करीब 6 बजे एक साथ कई ठिकानों पर दबिश दी. कोलकाता के रॉय स्ट्रीट स्थित एक होटल और एक कारोबारी के घर पर छापेमारी की गई. इसके अलावा कोलकाता पुलिस के एक सब-इंस्पेक्टर के आवास पर भी जांच एजेंसी पहुंची.
सूत्रों का कहना है कि ED की एक विशेष टीम मुर्शिदाबाद जिले के कांडी स्थित शांतनु सिन्हा बिस्वास के घर भी पहुंची. एजेंसी कथित उगाही, अवैध लेनदेन और पुलिस अधिकारियों से जुड़े संभावित आर्थिक नेटवर्क की जांच कर रही है.
हालांकि ED की ओर से अभी तक आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन शुरुआती जानकारी के मुताबिक कार्रवाई का फोकस कथित जबरन वसूली गिरोह और उससे जुड़े आर्थिक लेनदेन पर है. जांच एजेंसी दस्तावेज, डिजिटल रिकॉर्ड और वित्तीय लेनदेन से जुड़े सबूत जुटाने में लगी हुई है.
बंगाल में एक साथ कई जगहों पर हुई इस कार्रवाई से राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज हो गई है. माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे हो सकते हैं.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved