
भोपाल। भोपाल मेट्रो के यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। इस सप्ताह से मेट्रो सेवाओं का विस्तार होने जा रहा है। आधुनिक कम्युनिकेशन बेस्ड ट्रेन कंट्रोल सिग्नलिंग सिस्टम के प्रमाणन के बाद प्रायोरिटी कॉरिडोर पर दोनों ट्रैक पर मेट्रो ट्रेनों का संचालन शुरू होगा। इसके साथ ही ट्रेनों की संख्या बढ़ाकर प्रतिदिन करीब 20 फेरे की जाएगी, जिससे यात्रियों का इंतजार कम होगा और यात्रा पहले की तुलना में अधिक सुविधाजनक बनेगी।
अभी तक एम्स से सुभाष नगर तक लगभग सात किलोमीटर लंबे प्रायोरिटी कॉरिडोर पर एक ही ट्रैक के जरिए ट्रेनें आगे-पीछे संचालित की जा रही थीं। सीबीटीसी प्रणाली लागू होने के बाद दोनों ट्रैक पर एक साथ संचालन संभव होगा। इससे ट्रेनों के बीच का अंतराल घटेगा और यात्रियों को कम समय में अधिक सेवाएं मिल सकेंगी।
सुबह से रात तक बढ़ेगी सुविधा
नई समय-सारिणी के अनुसार मेट्रो सेवा सुबह वर्तमान समय से करीब दो घंटे पहले शुरू होगी। अभी ऑरेंज लाइन पर प्रतिदिन केवल नौ फेरे संचालित हो रहे हैं, जिन्हें बढ़ाकर लगभग 20 फेरे किया जाएगा। इसका सबसे अधिक लाभ ऑफिस जाने वाले कर्मचारियों, विद्यार्थियों और नियमित यात्रियों को मिलेगा।
सिग्नलिंग अपग्रेड का काम पूरा
भोपाल मेट्रो की सात किलोमीटर लंबी ऑरेंज लाइन पर अप्रैल से सिग्नलिंग सिस्टम अपग्रेड का काम चल रहा था। सुरक्षा कारणों से इस दौरान मेट्रो सेवाओं को सीमित रखा गया था। अब आधुनिक सीबीटीसी प्रणाली का परीक्षण और प्रमाणन पूरा होने के बाद पूर्ण क्षमता से संचालन का रास्ता साफ हो गया है।
यात्रियों की संख्या बढऩे की उम्मीद
मध्यप्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन के अधिकारियों का मानना है कि ट्रेनों की बेहतर फ्रीक्वेंसी, कम प्रतीक्षा समय और दोनों ट्रैक पर संचालन शुरू होने से मेट्रो की विश्वसनीयता बढ़ेगी। इससे रोजाना मेट्रो का उपयोग करने वाले यात्रियों की संख्या में भी उल्लेखनीय वृद्धि होने की संभावना है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved