
नई दिल्ली । मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा (Mallikarjun Khadge, Rahul Gandhi and Priyanka Gandhi Vadra) ने चैत्र नवरात्रि, गुड़ी पड़वा और नववर्ष पर (On Chaitra Navratri, Gudi Padwa and New Year) देशवासियों को शुभकामनाएं दीं (Extended Greetings to the Countrymen) ।
नवरात्रि को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “शक्ति स्वरूपा मां दुर्गा की आराधना के महापर्व ‘चैत्र नवरात्रि’ स्थापना के शुभ अवसर पर सभी को हार्दिक मंगलकामनाएं। मेरी आशा है कि यह पावन महापर्व आप सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली लेकर आए तथा आदिशक्ति की कृपा सदैव आप सब पर बनी रहे।” खड़गे ने ‘एक्स’ पर एक अन्य पोस्ट में लिखा, “जैसे ही हम अपने विविध राष्ट्र भर में चैत्र सुकलादि, गुड़ी पड़वा, चेटी चंड, नवरेह, और साजिबु चेरोबा की भावना का उत्सव मनाते हैं, हम उन सभी लोगों को अपनी हार्दिक शुभकामनाएं देते हैं जो इन आनंदमय पर्वों को मना रहे हैं। कामना है कि वसंत के ये पर्व नई शुरुआत लेकर आएं, आपसी सौहार्द के बंधन को और गहरा करें, और हर घर को खुशियों तथा आशा से भर दें।”
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी नवरात्रि और गुड़ी पड़वा समेत अन्य पर्वों को लेकर शुभकामनाएं दीं । उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “आप सभी को गुड़ी पड़वा, चैत्र नवरात्रि, उगादी, साजिबू चेइराओबा, चेटी चांद और नवरेह की बहुत-बहुत शुभकामनाएं। ये आनंदमय अवसर आपके जीवन को खुशियों, समृद्धि और नई शुरुआत से भर दें।”
इसी बीच, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने नवरात्रि को लेकर शुभकामनाएं दीं । उन्होंने लिखा, “आदिशक्ति जगतजननी मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की आराधना के पावन पर्व चैत्र नवरात्रि की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। माता रानी आप सबके जीवन में सुख-समृद्धि का संचार करें।” उन्होंने एक अन्य पोस्ट में लिखा, “आज देशभर में विभिन्न त्योहार मनाए जा रहे हैं। चैत्र शुक्ल प्रतिपदा, नव संवत्सर विक्रम संवत-2083, उगादी, गुड़ी पड़वा, नवरोज (नवरेह) और चेटी चंड की हार्दिक शुभकामनाएं। वसंत ऋतु और नववर्ष के स्वागत में मनाए जाने वाले ये सभी पर्व भारत की बहुरंगी संस्कृति और विविधता के प्रतीक हैं। इस अवसर पर मैं सभी देशवासियों के लिए सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना करती हूं।”
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved