
भोपाल। मिसरोद में स्थित रत्नपुर जोड़ पर बने मधुर कुरियर के दफ्तर में लकड़ी के पटिये से पीट-पीटकर युवक को मौत के घाट उतारने वाले आरोपी को पुलिस ने सागर के पास से हिरासत में लिया है। आरोपी मृतक का दोस्त है और हत्या के बाद बाइक से सागर भाग रहा था। बताया जा रहा है कि आरोपी ने वारदात को शराब के नशे में हुए विवाद के बाद अंजाम दिया है। पहले मृतक ने उसे चांटा मार दिया था। जिसके बाद सोते समय आरोपी ने उसे मौत के घाट उतार दिया।
ये वारदात बैरागढ़ चीचली निवासी 25 वर्षीय संदीप मालवीय के साथ हुई थी। टीआई निरंजन शर्मा के मुताबिक संदीप रतनपुर जोड़ स्थित मधुर कुरियर कंपनी में काम करता था। उसके साथ साहिल चरार भी काम करता था, जो रूममेट भी था। दोनों वेयरहाउस के सर्वेंट क्वार्टर में रहते थे। शुक्रवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे सुपरवाइजर संदीप पाटिल चाबी लेने पहुंचे तो संदीप खून से लथपथ बिस्तर पर पड़ा था। शव के पास लकड़ी का एक तख्ता मिला, जिस पर खून लगा था। रूममेट साहिल और संदीप की बाइक गायब थी। पुलिस को पहला शक साहिल पर था। मृतक के कमरे में शराब की खाली बोतल और गिलास भी मिले थे। गुरुवार रात 10 बजे संदीप और साहिल कमरे पर चले गए थे। पुलिस का कहना है कि आरोपी को कार से भोपाल लाया जा रहा है। संदीप की बाइक को भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि रास्ते में हुई बातचीत में आरोपी ने पुलिस को बताया कि शराब के नशे में हुए विवाद के बाद संदीप ने पहले उसे चांटा मारा था। जिसका बदला लेने की नियत से उसने सोते समय संदीप का पहले गला घोंटा। बाद में लकड़ी के तख्ते से उसके चरहे पर ताबड़तोड़ वार किए।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved