भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

मिशन 2023: कांग्रेस की रणनीति… प्रियंका गांधी को मिलेगा मप्र का प्रभार!

भोपाल। कांग्रेस आलाकमान मप्र में हर हाल में सत्ता में वापसी करना चाहता है। इसके लिए अभी से रणनीति बनने लगी है। इस रणनीति के तहत मिशन 2023 के लिए प्रियंका गांधी को मप्र का चुनाव प्रभारी बनाया जा सकता है। गौरतलब है कि यूपी चुनाव के नतीजे कुछ दिन बाद आने वाले हैं। नतीजों से पहले यह साफ है कि यहां मुकाबला सपा और भाजपा में है। ऐसे में कांग्रेस के अंदर यह चर्चा शुरू हो गई है कि यूपी के बाद प्रियंका गांधी क्या करेंगी। कयास लगाए जा रहे हैं कि उन्हें मप्र की जिम्मेदारी दी जा सकती है।
प्रियंका गांधी ने यूपी में अपनी पूरी ताकत झोंक तो दी, पर अब यह तय हो चुका है कि कांग्रेस वहां मुख्य लड़ाई से बाहर है। राज्य की मुख्य लड़ाई भाजपा-सपा के बीच ही है। चर्चा यह हो रही है कि यूपी के चुनावी नतीजे आने के बाद प्रियंका गांधी किस भूमिका में होंगी? क्या वह यूपी की प्रभारी बनी रहेंगी या उन्हें किसी दूसरे राज्य का प्रभारी बनाया जा सकता है? पार्टी के अंदर एक राय यह बन रही है कि प्रियंका गांधी को मप्र का प्रभारी बना देना चाहिए।


सत्ता में वापसी के लिए जमावट
मप्र में अगले साल चुनाव होने हैं और वहां पर कांग्रेस यूपी से कहीं ज्यादा मजबूत स्थिति में है। मप्र में चुनावी लड़ाई भाजपा और कांग्रेस के बीच ही होती है। 2018 में कांग्रेस ने चुनाव जीता भी था, यह अलग बात है कि ज्योतिरादित्य सिंधिया के बागी हो जाने के बाद कांग्रेस को सत्ता गंवानी पड़ गई। प्रियंका को प्रदेश का प्रभारी बनाए जाने की पैरवी करने वालों के दो तर्क हैं। एक तो यह कि प्रियंका गांधी ने यूपी में जितनी मेहनत की, अगर उसकी आधी भी उन्होंने प्रदेश में कर दी तो नतीजे उम्मीद से बेहतर हो सकते हैं। दूसरा यह कि यूपी के जरिए प्रियंका गांधी पर हार का जो धब्बा लगेगा, उसे मप्र की जीत से हटाया जा सकता है।

पहले उठ चुकी है मांग
गौरतलब है कि प्रियंका गांधी की भूमिका लेकर मप्र के भी कई नेता पैरोकार रहे हैं। यूपी में चुनावी अभियान शुरू करने से पहले भी प्रियंका गांधी एमपी आई थीं। दतिया में मां पीतांबरा से आशीर्वाद लेकर उन्होंने अभियान शुरू किया था। 2019 के लोकसभा चुनाव के दौरान भी प्रियंका गांधी ने मप्र में कई रोड शो किए थे। वैसे चुनाव बाद प्रियंका गांधी किस भूमिका में रहना चाहेंगी, यह उन्हीं को तय करना है।

Share:

Next Post

यूक्रेन से अब तक लौटे मध्यप्रदेश के 225 विद्यार्थी

Thu Mar 3 , 2022
– मुख्यमंत्री ने मंत्रि-परिषद की बैठक के पहले भारत सरकार और राज्य सरकार के प्रयासों का दिया ब्यौरा भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (Chief Minister Shivraj Singh Chouhan) की अध्यक्षता में गुरुवार को मंत्रि-परिषद की बैठक हुई। मुख्यमंत्री चौहान ने बैठक प्रारंभ होने के पहले बताया कि आज सुबह तक यूक्रेन से प्रदेश के 225 […]