नई दिल्ली। देश में इस समय भीषण गर्मी का दौर चल रहा है सभी इंतजार है कि जल्द ही मानसून आए और गर्मी से निजात मिले, हालांकि इस बार देश में दस दिन पहले मानसून दस्तक दे सकता है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार सैटेलाइट अनुमान लगाया जा रहौ कि मानसून समय पर आने की पूरी संभावना है। केरल में यह 1 जून को दस्तक दे देता है। उन्होंने कहा कि भूमध्य रेखा के पास बादलों का एक समूह बना हुआ है, जो कि काफी सक्रिय है। ये संकेत दे रहा है कि मानसून की गतिविधियां जल्दी ही रफ्तार पकड़ेगी।
मौसम विभाग के अनुसार केरल में मानसून 20 मई के बाद किसी भी वक्त आ सकता है, जो इस बार अपने समय से करीब 10 दिन पहले दस्तक देगा। केरल में मानसून का आगमन सामान्यत: 1 जून के आसपास होता है। आईएमडी ने इस आशय के संकेत पुणे स्थित आईआईटीएम (Indian Institute Of Tropical Meteorology Pune) में विकसित मल्टी-मॉडल एक्सटेंडेड रेंज प्रेडिक्शन सिस्टम (MMERPS) का उपयोग करके अपने नवीनतम एक्सटेंडेड रेंज फोरकास्ट (ERF) के जरिए दिए हैं।
मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक चक्रवाती तूफान बनने जा रहा है। इससे अंडमान और निकोबार द्वीप समूह पर मानसून के प्रवाह को मजबूत करने में मदद मिलने की संभावना है। नवीनतम ईआरएफ के अनुसार, इस वेदर सिस्टम से तीसरे सप्ताह के आसपास मानसून के प्रवाह में बाधा पड़ने की संभावना नहीं है, क्योंकि तब तक यह अपना प्रभाव खो चुका होगा।’
मिनिस्ट्री ऑफ अर्थ साइंसेज के पूर्व सचिव डॉ एम राजीवन का कहना है कि ‘ईआरएफ की सटीकता तीसरे और चौथे सप्ताह में कम हो जाती है, लेकिन यह अब भी इंगित करता है कि एक बार जब चक्रवात भारतीय मुख्य भूमि से दूर चला जाता है, तो वह मानसून की गति बढ़ा सकता है और इसकी धारा धीरे-धीरे केरल तक पहुंच सकती है। इस प्रकार प्रारंभिक संकेत दिखाते हैं कि केरल में मानसून की शुरूआत सामान्य तिथि 1 जून से थोड़ी पहले हो सकती है।
बता दें कि भीषण गर्मी और लू के बीच पिछले 24 घंटों के दौरान राजधानी, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और पंजाब के कुछ हिस्सों के अलावा, बिहार, झारखंड, मणिपुर में अच्छी बारिश हुई है। वहीं, दक्षिणी राज्य आंध्र प्रदेश, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में भी तेज आंधी और तूफान के साथ भारी बारिश हुई है।
इसके साथ ही तेलंगाना, तटीय ओडिशा और आंतरिक तमिलनाडु में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश दर्ज की गई है। शेष पूर्वोत्तर भारत, शेष तमिलनाडु, तटीय कर्नाटक, रायलसीमा और जम्मू-कश्मीर में हल्की से मध्यम बारिश होती रही। जबकि पश्चिम बंगाल, पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, विदर्भ और विदर्भ के एक या दो हिस्सों में हल्की बारिश दर्ज की गई।
