
भोपाल। मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) में लंबे इंतजार और गहन मंथन के बाद प्रदेश सरकार ने प्रदेश की नगर परिषदों (Municipal councils) में एल्डरमैन (मनोनीत पार्षद) नियुक्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. रविवार को नगरीय निकायों में एल्डरमैन के नामों की घोषणा (Declaration.) की गई. पहली सूची में 25 जिलों की 123 नगर परिषदों के लिए अधिकतम 4-4 एल्डरमैन नियुक्त किए गए हैं.
नगरीय विकास और आवास विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, ये नियुक्तियां मध्यप्रदेश नगर पालिका अधिनियम, 1961 की धारा 19 (1) (ग) के तहत की गई हैं. आदेश में स्पष्ट किया गया है कि इन मनोनीत पार्षदों का कार्यकाल संबंधित नगर परिषद के मौजूदा कार्यकाल के साथ समाप्त होगा या शासन के आगामी आदेश तक प्रभावी रहेगा. एल्डरमैन के नामों की घोषणा नगरीय निकायों की सबसे शुरुआती इकाई यानी नगर परिषद स्तर से शुरू की गई है.
इन 25 जिलों की परिषदों में नियुक्तियां
जिन जिलों की नगर परिषदों में एल्डरमैन नियुक्त किए गए हैं, उनमें सागर, रीवा, मऊगंज, शहडोल, उमरिया, कटनी, डिंडोरी, नरसिंहपुर, बालाघाट, सिवनी, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, नर्मदापुरम, हरदा, बैतूल, बुरहानपुर, खरगोन, बड़वानी, अलीराजपुर, झाबुआ, धार, देवास, रतलाम, मंदसौर और नीमच शामिल है. इन सभी नगर परिषदों में अधिकतम चार-चार एल्डरमैन नियुक्त किए गए हैं।










©2026 Agnibaan , All Rights Reserved