
भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (Chief Minister Shivraj Singh Chouhan) बुधवार, 20 अक्टूबर को जबलपुर में आचार्य विद्यासागर जीवदया गौसेवा सम्मान पुरस्कार वितरण कार्यक्रम में शामिल होंगे। दयोदय पशु संवर्धन एवं पर्यावरण केन्द्र गौशाला, तिलवारा घाट जबलपुर में आयोजित होने वाला यह राज्य-स्तरीय कार्यक्रम आचार्य विद्यासागर महाराज के सान्निध्य में सम्पन्न होगा।
कार्यक्रम में प्रदेश की उत्कृष्ट गौशालाओं और पशुओं के प्रति सेवाभावी संस्थाओं और व्यक्तियों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया जायेगा। संस्थागत श्रेणी में कुल 7 पुरस्कार दिये जाएंगे। प्रथम, द्वितीय, तृतीय के साथ 4 सांत्वना पुरस्कार दिये जाने हैं, जिनकी राशि क्रमश: 5 लाख, 3 लाख, 2 लाख और 50-50 हजार है। व्यक्तिगत श्रेणी में प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार में क्रमश: एक लाख, 50 हजार और 20 हजार की राशि दी जायेगी। कार्यक्रम शाम 4 बजे आरंभ होगा। (एजेंसी, हि.स.)
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved