
पन्ना। मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के पन्ना जिले (Panna district) के रैपुरा थाना क्षेत्र (Raipura police station area) से पुलिस की गंभीर लापरवाही का चौंकाने वाला मामला सामने आया है. थाने के परिसर में खड़ी सरकारी कार में चाबी लगी देखकर एक शराबी युवक (Drunken young man) उसे लेकर फरार हो गया. इसके बाद उसने भीड़भाड़ वाले हाट बाजार में ऐसा तांडव मचाया कि पूरे इलाके में अफरा-तफरी फैल गई. घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी तेज रफ्तार में सरकारी कार लेकर बाजार की ओर भागा और रास्ते में कई वाहनों को टक्कर मार दी. कटनी तिराहे के पास उसने एक बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार कई फीट दूर जा गिरा, जबकि बाइक कार के नीचे फंस गई।
इसके बाद भी आरोपी नहीं रुका. वह फंसी हुई बाइक को करीब 200 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पूरे बाजार में चीख-पुकार मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
थाने से कैसे लेकर भागा सरकारी वाहन?
स्थानीय लोगों के अनुसार, इमलिया गांव निवासी सुखेंद्र बुंदेला, पिता रनमत सिंह, शराब के नशे में किसी काम से रैपुरा थाने पहुंचा था. वहां किसी बात को लेकर पुलिसकर्मियों से उसकी कहासुनी हो गई, जिसके बाद उसे थाने से बाहर कर दिया गया।
थाने से बाहर निकलने के बाद उसकी नजर परिसर में खड़ी सरकारी कार पर पड़ी, जिसमें चाबी लगी हुई थी. आरोपी तुरंत कार में बैठा और पुलिस के सरकारी वाहन को लेकर फरार हो गया. इस घटना ने थाने की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
यह भी उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी पन्ना जिले में एक शातिर युवक पुलिस की डायल-100 गाड़ी पुलिसकर्मियों को बंधक बनाकर लेकर फरार हो गया था और उसी वाहन से एक युवती का अपहरण किया था. उस घटना को भी व्यापक चर्चा मिली थी. अब एक बार फिर करीब 120 किलोमीटर दूर रैपुरा में थाने से ही सरकारी वाहन चोरी हो जाने की घटना ने पुलिस की सतर्कता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
हाट बाजार में मचा हड़कंप, कई वाहनों को मारी टक्कर
घटना के समय रैपुरा कस्बे में साप्ताहिक हाट बाजार लगा हुआ था. बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए पहुंचे थे. ऐसे में आरोपी ने थाने से निकलते ही सड़क पर लोगों और वाहनों को टक्कर मारना शुरू कर दिया।
बताया गया कि उसने सड़क किनारे खड़ी एक कार और एक बस को भी टक्कर मारी. इसके बाद वह सरकारी कार को अवंतीबाई चौक की ओर लेकर भाग निकला. इस दौरान पुलिस की टीम उसके पीछे-पीछे पीछा करती रही, जबकि आगे सरकारी कार लोगों के लिए खतरा बनी हुई थी।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यदि लोग समय रहते सड़क से नहीं हटते तो बड़ा हादसा हो सकता था. इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कार के नीचे फंसी बाइक को घसीटते हुए देखा जा सकता है.
पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा, थाने में मचा हंगामा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके की घेराबंदी की और अवंतीबाई चौक के पास आरोपी को पकड़ लिया. लेकिन आरोपी की गिरफ्तारी के बाद भी मामला शांत नहीं हुआ।
घटना से नाराज 100 से 200 लोगों की भीड़ आरोपी के पीछे-पीछे थाने पहुंच गई. गुस्साई भीड़ थाने परिसर में घुस गई और एचसीएम (HCM) कक्ष तक पहुंचकर आरोपी को अपने कब्जे में लेकर पीटने की कोशिश करने लगी. इस दौरान पुलिस को भीड़ को नियंत्रित करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
करीब दो घंटे तक थाने में भारी हंगामा चलता रहा. पुलिस ने किसी तरह स्थिति पर काबू पाया और आरोपी को सुरक्षित हिरासत में रखा।
आधा दर्जन लोग घायल, पुलिस की लापरवाही पर उठे सवाल
शराबी युवक के इस तांडव में करीब आधा दर्जन लोग घायल हुए हैं. सभी घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और निजी क्लीनिकों में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि सरकारी वाहन में चाबी न छोड़ी गई होती तो इतनी बड़ी घटना नहीं होती. लोगों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. साथ ही यह भी पड़ताल की जा रही है कि सरकारी वाहन में चाबी कैसे लगी रह गई और सुरक्षा में इतनी बड़ी चूक किस स्तर पर हुई।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved