
छतरपुर। मध्यप्रदेश (Madhya Pradesh) के छतरपुर जिले (Chhatarpur District) में मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। जहां कुल्हाड़ी से हमला कर किसान के बेटे की निर्मम हत्या कर दी गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह पूरी घटना गढ़ी मलहरा थाना क्षेत्र के कलानी गांव की है। गढ़ी मलहरा क्षेत्र अंतर्गत कलानी गांव में शनिवार की रात करीब 11:30 बजे 19 वर्षीय कमलेश कुशवाहा अपनी दादी नन्नी बाई कुशवाहा (60) के साथ खेत पर मौजूद था।
इसी दौरान गांव के ही नंदराम विश्वकर्मा, हर्ष विश्वकर्मा और संदीप रैकवार अपने अन्य साथियों के साथ वहां पहुंचे और सुबह हुए विवाद को लेकर गाली-गलौज करने लगे। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने खेत में बनी झोपड़ी में आग लगा दी और पथराव शुरू कर दिया। कुछ देर बाद वे लाठी-डंडे और कुल्हाड़ी लेकर लौटे और कमलेश के सिर पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हमले में कमलेश की दादी नन्नी बाई और खेत में काम कर रहे जलील खान (58) भी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल जलील खान ने 112 डायल कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। वहीं मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल में रखवाया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। तीन आरोपियों को हिरासत में लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved